OPM में स्टीम लाइन फटी, श्रमिक झुलसा, भिलाई रेफर

OPM में स्टीम लाइन फटी, श्रमिक झुलसा, भिलाई रेफर

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-23 12:21 GMT
OPM में स्टीम लाइन फटी, श्रमिक झुलसा, भिलाई रेफर

डिजिटल डेस्क, अमलाइ/शहडोल। एशिया की सबसे बड़े कागज कारखाना ओरियंट पेपर मील अमलाई में गुरुवार को स्टीम पाइप लाइन फटने से एक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि पाइपलाइन ब्लॉक थी, जिसे साफ किया जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे भिलाई रेफर कर दिया गया है। बताया जाता है कि सुरक्षा मानकों का ध्यान न रखे जाने से यह हादसा हुआ है। आरोपित है कि कारखाना में कर्मचारियों को सुरक्षा संबंधी उपकरण नहीं दिए जाते हैं, जिसके कारण इससे पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।

हादसा सुबह लगभग करीब 9 बजे ओपीएम के टिसू प्लांट तीन में हुआ। बताया जाता है कि ठेका श्रमिक तेजू कुम्हार (42) पिता ब्रह्म कुम्हार प्लांट में बिना किसी सुरक्षा उपकरण के ब्लॉक स्टीम पाइप लाइन साफ करने का काम कर रहा था। स्टीम लाइन फटने से गर्म पल्प उसके ऊपर गिर गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया। आनन-फानन में युवक को ओपीएम के प्राथमिक उपचार केंद्र में उपचार के लिए ले जाया गया।जहां से बाद में शहडोल जिला अस्पताल लाया गया यहां डॉक्टरों ने उसकी हालत देखते हुए भिलाई अस्पताल में रेफर कर दिया है।

ओपीएम के अधिकारी मजदूर को भिलाई अपने साथ लेकर गए हैं। ओपीएम में आए दिन इस तरह के हादसे होते रहते हैं। करीब दो माह पहले कटिंग मशीन में हाथ फंसने से एक युवक घायल हो गया था। उसका तीन दिन तक जिला अस्पताल में इलाज चला था। इससे पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बाद भी प्लांट के अंदर सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा जाता है।

इनका कहना है
टिस्सू थ्री प्लांट में पाइप खोलते समय वॉल्व स्लिप हो गया। जिससे पल्प की गर्म बौछारें श्रमिक के ऊपर पड़ी। वह झुलस गया। उसे शहडोल से भिलाई ले जाया गया है। इलाज का पूरा खर्च कंपनी वहन करेगी।
-आरएल शुक्ला, पीआरओ, ओपीएम

 

Similar News