महाकोशल में बर्ड फ्लू की आहट, डिंडोरी, वारासिवनी, सिवनी में मृत मिले कौवे, क्षेत्र में दहशत

महाकोशल में बर्ड फ्लू की आहट, डिंडोरी, वारासिवनी, सिवनी में मृत मिले कौवे, क्षेत्र में दहशत

Bhaskar Hindi
Update: 2021-01-06 17:10 GMT
महाकोशल में बर्ड फ्लू की आहट, डिंडोरी, वारासिवनी, सिवनी में मृत मिले कौवे, क्षेत्र में दहशत


डिजिटल डेस्क जबलपुर। मध्यप्रदेश के महाकोशल में भी अब बर्ड फ्लू की आहट होने लगी है। महाकोशल के अलग-अलग जिलों में कौवों की मौत से हड़कंप मच गया है। डिंडोरी जिले के किसलपुरी क्षेत्र में आधा दर्जन कौवे मृत मिलने की सूचना पर पशु चिकित्सकों की टीम मौके पर पहुंची। सिवनी जिले के कहानी गांव में 5 कौवे मृत मिले। बालाघाट जिले के वारासिवनी में दो मृत कौवे मिलने से सनसनी फैल गई। इसी तहत गाडरवारा में दो कौवे मृत पाए गए। अलग-अलग जिलों में कौवों के मृत मिलने के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है और रैपिड रेस्पांस टीमें बनाई जा रही हैं।
डिंडोरी जिले के सक्का व किसलपुरी क्षेत्र में भी बुधवार शाम तक आधा दर्जन मृत कौवे मिलने की सूचना से प्रशासन में हड़कंप मच गया। बुधवार को पशु चिकित्सा विभाग ने किलसपुरी में डॉक्टरों की एक टीम भेजी। वहां उन्हें मात्र एक कौआ मृत मिला। मृत कौआ तीन दिन पुराना हो जाने के कारण उसका सैंपल भी नहीं लिया जा सका। ग्रामीणों ने डॉक्टरों को बताया, बीते करीब तीन दिन में 5 से ६ कौवे मरे हैं। हालांकि, डॉक्टरों को मौके पर एक ही कौवा मृत मिला है।
सिवनी जिले के कहानी गांव में बुधवार शाम ५ कौवे मरे मिले। इससे लोगों में हड़कंप मच गया है। इस मामले में पशु चिकित्सा विभाग के डॉ. जेपी शिव का कहना है कि मौके पर टीम भेजी गई है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
वारासिवनी में दो कौवों की मौत-  
बालाघाट जिले के वारासिवनी में दो मृत कौवे मिलने से सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार वारासिवनी निवासी निरंजन बिसेन बुधवार सुबह करीब 7.15 बजे टहलने निकले थे। उन्होंने पड़ोस के निजी स्कूल के ग्राउंड में एक मृत कौवे को देखा, पर उसे नजरअंदाज कर आगे बढ़ गए। कुछ दूर पर एक और कौवा मृत मिला तो बर्ड फ्लू पर इन दिनों बने माहौल के तहत वे सक्रिय हुए और वारासिवानी के पशु चिकित्सक डॉ. नीरज पुरी को सूचित किया। इसके बाद डॉ. पुरी ने प्रयोगशाला में इसकी सूचना दी। दोपहर के समय टीम मौके पर पहुंची और आइस बाक्स में मृत कौवों को रखकर सैंपल जांच के लिए भोपाल भेज दिए हैं।
गाडरवारा में भी मृत मिले दो कौवे-  
गाडरवारा.  तहसील के दो अलग-अलग स्थानों पर कौवे मृत पाए जाने से लोगों में दहशत का माहौल है। सालीचौका की शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में एक कौवा मृत मिला है। इसी प्रकार विकासखंड साईंखेड़ा के ग्राम देवरी मिढ़वानी में भी मकान की छत पर एक कौवा मृत पाया गया।  

 

Tags:    

Similar News