शहडोल के लालपुर मैदान में आज 11 जिले से पहुंचेंगे एक लाख से अधिक आदिवासी

गौरव का दिवस, माहौल उत्सवी शहडोल के लालपुर मैदान में आज 11 जिले से पहुंचेंगे एक लाख से अधिक आदिवासी

Safal Upadhyay
Update: 2022-11-15 10:50 GMT
गड़चिरोली में जिला खनिज निधि का नहीं हो रहा कोई उपयाेग!

डिजिटल डेस्क,शहडोल। आदिवासी अंचल शहडोल संभाग के लिए शहीद बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर का दिन ऐतिहासिक होगा। मंगलवार को मध्यप्रदेश में पहली बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शहडोल जिले के लालपुर मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी। मंगलवार का दिन अंचल के लिए गौरव का दिवस है जिसे यादगार बनाने लालपुर मैदान में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में सोमवार को तैयारियों को अंतिम रुप दिया गया।

इस वृहद आयोजन में माहौल उत्सव का होगा, जिसमेें 11 जिले से पहुंचने वाले एक लाख से अधिक आदिवासियों के लिए आवागमन, भोजन और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हालांकि जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने 15 दिन पहले से ही तैयारी प्रारंभ कर दी थी। रविवार को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्वयं लालपुर मैदान पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और जरुरी निर्देश दिए। सोमवार को स्थानीय अधिकारियों ने पेयजल इंतजाम, भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा उपायों का रिहर्सल किया।

सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक बंद रहेगा हाइवे पर आवागमन

जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर लालपुर में आयोजित कार्यक्रम को देखते हुए यातायात की नई व्यवस्था बनाई गई है। जिसके तहत नेशनल हाइवे -43 पर शहडोल से अनूपपुर के बीच 15 नवंबर की सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। सवारी बसें व छोटी चार पहिया वाहनों का आवागमन वीआइपी के आने से आधे घंटे पहले और प्रस्थान के आधे घंटे बाद तक बंद रहेगा। 

मुख्यमंत्री ने कहा- दो मंत्री देख रहे काम और सीएम के जाते ही दोनों मंत्री वापस लौटे, सोमवार दोपहर दो बजे तक नहीं पहुंचे लालपुर जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों का जायजा लेने 13 नवंबर को लालपुर पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि आयोजन को लेकर प्रदेश सरकार दो मंत्री पूरी तैयारी करवा रहे हैं। इनमें जनजातीय कार्य मंत्री मीना सिंह और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बिसाहू लाल सिंह शामिल हैं। खास बात यह रही कि सीएम के जाते ही दोनों मंत्री वापस लौट गए और अगले दिन यानी सोमवार की दोपहर दो बजे तक कार्यक्रम स्थल लालपुर मैदान नहीं पहुंचे। इस दौरान एडीजीपी डीसी सागर, कलेक्टर वंदना वैद्य, एसपी कुमार प्रतीक, अपर कलेक्टर अर्पित वर्मा, जिला पंचायत सीइओ हिमाशुं चंद्र सहित अन्य अधिकारी तैयारी में लगे रहे।

भोजन में नहीं होगा टमाटर-दही का प्रयोग
कर्मचारियों को समझाइश दिए जाने के दौरान अधिकारियों ने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रखना है कि भोजन बनाने के दौरान दही व टमाटर का उपयोग नहीं हो। कार्यक्रम में अलग-अलग जिले से ढाई हजार बसों से लोग पहुंचेंगे।

Tags:    

Similar News