मुनगंटीवार ने पूर्व मुख्यमंत्री से कहा  - उद्धव जी, अभी भी कुछ नहीं बिगड़ा है

विधान परिषद मुनगंटीवार ने पूर्व मुख्यमंत्री से कहा  - उद्धव जी, अभी भी कुछ नहीं बिगड़ा है

Tejinder Singh
Update: 2023-03-23 15:52 GMT
मुनगंटीवार ने पूर्व मुख्यमंत्री से कहा  - उद्धव जी, अभी भी कुछ नहीं बिगड़ा है

डिजिटल डेस्क, मुंबई। विधान परिषद में प्रदेश के वन मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने शिवसेना (उद्धव गुट) के सदस्य उद्धव ठाकरे को इशारों ही इशारों में साथ आने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि उद्धवजी अब भी कुछ बिगड़ा नहीं है। आप कभी इस पर शांति से विचार करें। इससे सदन में मुनगंटीवार और उद्धव के बीच जुगलबंदी देखने को मिली। दरअसल, गुरुवार को सदन में प्रश्नकाल के दौरान राकांपा सदस्य शशिकांत शिंदे ने वृक्षारोपड़ को लेकर सवाल पूछा था। 

इसके जवाब के दौरान मुनगंटीवार ने कहा कि मैंने तत्कालीन भाजपा सरकार के समय साल 2016 में 33 करोड़ पेड़ लगाने के अभियान की शुरुआत की थी। मुझे खुशी है कि उस समय पेड़ लगाने के अभियान में सभी प्रमुख राजनीतिक दल के नेता आए थे। उद्धवजी खुद पेड़ लगाने के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने पेड़ लगाया था। इस पर उद्धव ने कहा कि उस पेड़ को फल नहीं लगे हैं। जिसके जवाब में मुनगंटीवार ने कहा कि मैंने आपको कहा था कि पेड़ को फल लगेंगे। लेकिन आपने उस पेड़ से ही नाता तोड़ दिया। मैं आपसे व्यक्तिगत रूप से तीन बार मिलकर आग्रह किया था। मैंने आपको बताया था कि उस पेड़ को कौन सी खाद देनी है लेकिन आपने दूसरे पेड़ को खाद दे दिया।

मुनगंटीवार ने कहा कि उद्धवजी अब भी कुछ बिगड़ा नहीं है। आप फिर से एक बार कभी शांति से विचार करें। इस पर कांग्रेस और राकांपा के सदस्यों ने कहा कि आप किस बारे में विचार करने के लिए कह रहे हैं। इसके जवाब में मुनगंटीवार ने मुस्कुराते हुए कहा कि मैं पेड़ को बढ़ाने के बारे में बोल रहा हूं। भाजपा नेता मुनगंटीवार ने कांग्रेस और राकांपा के सदस्यों से कहा कि आप लोग इतना क्यों डर रहे हैं ? जिस के बाद उपसभापति नीलम गोर्हे ने कहा कि आप लोग बेचैन मत होइए। सदन में शांत होकर बैठिए। इसके बाद मुनगंटीवार ने कहा कि स्कूलों में एनएसएस, स्काउट गाइड और एनसीसी के तर्ज पर इको क्लब बनाया जाएगा। जिसके माध्यम से विद्यार्थी को बचपन से ही पेड़ लगाने और जलवायु परिवर्तन के बारे में रुचि पैदा हो सकेगी। 

विधायक महीने में एक दिन मन से वन के लिए करें काम -  मुनगंटीवार

वन मंत्री मुनगंटीवार ने कहा कि राज्य के दोनों सदनों के विधायकों को हर महीने  में एक दिन वन के लिए मन से काम करना चाहिए। विधायकों को महीने में एक दिन पेड़ लगाने सहित पर्यावरण से जुड़े काम के लिए समय देना चाहिए। इस बीच मुनगंटीवार ने कहा कि पेड़ लगाने के अभियान में भ्रष्टाचार को सहन नहीं किया जाएगा। मैंने भ्रष्टाचार की शिकायतों की जांच तीन महीने में पूरा करने और दोषियों के खिलाफ छह महीने में कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। मेरी भूमिका स्पष्ट है कि भ्रष्टाचार करने वालों को नौकरी करने का अधिकार नहीं है। इस बीच मुनगंटीवार ने बताया कि साल 2021 में पेड़ लगाने के काम में भ्रष्टाचार को लेकर परभणी के एक सामाजिक कार्यकर्ता ने मुख्य सचिव को लिखित शिकायत की थी। जिसके बाद परभणी, लातूर और धाराशिव के विभागीय वन अधिकारी की अध्यक्षता में जांच समिति का गठन किया गया था। इस जांच के बाद एक वन क्षेत्रपाल और दो वनपाल को निलंबित किया गया है। मुनगंटीवार ने बताया कि पेड़ कटाई के बारे में नागरिक वन विभाग के टोल फ्री नंबर 1926 पर फोन करके शिकायत कर सकते हैं।

 

Tags:    

Similar News