CAA: भाजपा सचिव अरुण सिंह बोले- पाकिस्तान में होता है लड़कियों का धर्म परिवर्तन

CAA: भाजपा सचिव अरुण सिंह बोले- पाकिस्तान में होता है लड़कियों का धर्म परिवर्तन

Bhaskar Hindi
Update: 2020-01-02 17:31 GMT
CAA: भाजपा सचिव अरुण सिंह बोले- पाकिस्तान में होता है लड़कियों का धर्म परिवर्तन
हाईलाइट
  • पाकिस्तान में हर साल कई लड़कियों का धर्मांतरण किया जाता है : अरुण सिंह
  • मोदी सरकार ने राहत देने के लिए CAA बनाया : अरुण सिंह

डिजिटल डेस्क, नोएडा। देशभर में CAA और NRC के खिलाफ फैलाए जा रहे दुष्प्रचार पर भाजपा के कई दिग्गज नेता लोगों को जागरूक करने के लिए देशभर में जनसभाएं कर रहे हैं। इसी बीच भाजपा ने गुरुवार को CAA के पक्ष में अपने अभियान के लिए लोगों से समर्थन प्राप्त करने के लिए एक टोल-फ्री नंबर लॉन्च किया। जो लोग समर्थन में हैं 88662-88662 पर मिस्ड कॉल देकर भाजपा अभियानों के पक्ष में अपना समर्थन दर्ज कर सकते हैं।

इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने पाकिस्तान पर लड़कियों का धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि "पाकिस्तान में हर साल कई लड़कियों का धर्म परिवर्तन किया जाता है। पाकिस्तान में नाबालिग हिंदू लड़कियां किडनैप की जाती हैं और बाद में कहा जाता है कि उन्होंने इस्लाम कुबूल कर निकाह कर लिया है।"

मोदी सरकार ने राहत देने के लिए CAA बनाया

अरुण सिंह ने कहा कि "धर्म परिवर्तन की घटनाओं पर पाकिस्तान की अदालतें भी कुछ नहीं करती हैं। इस तरह से पिछले कई दशकों से पाकिस्तान में हिंदू परिवारों के साथ अत्याचार होता चला आ रहा है। अब मोदी सरकार ने ऐसे लोगों के जख्मों पर मरहम लगाने के लिए CAA बनाया है।" उन्होंने कहा कि "CAA नागरिकता लेने का नहीं बल्कि देने का कानून है। पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में धार्मिक अत्याचार का शिकार होकर आए हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी, ईसाई अल्पसंख्यक परिवारों को इस कानून से नागरिकता मिलेगी।"

अरुण सिंह ने कहा कि "पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान में हिंदू आदि अल्पसंख्यकों की जनसंख्या में भारी कमी से पता चलता है कि या तो वे भाग गए या हत्या हो गई या फिर उनका धर्मांतरण करा दिया गया। पार्टी ने सभी केंद्रीय मंत्रियों, सांसदों-विधायकों व पदाधिकारियों को नागरिकता संशोधन कानून पर देश भर में जनजागरण कर विपक्ष के झूठ को बेनकाब करने का निर्देश दिया है।" उन्होंने कहा कि "उत्तर प्रदेश में हिंसा के दौरान तमाम पुलिसवाले घायल हुए। इससे पता चलता है कि CAA के बहाने हिंसा भड़काने की सुनियोजित साजिश हुई।"

क्या है CAA?
CAA वह अधिनियम है, जो पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश जैसे इस्लामिक देशों में प्रताड़ित किए गए गैर मुसलमानों को पनाह देगा। अधिनियम के मुताबिक 31 दिसंबर 2014 को या उससे पहले जिन भी हिंदुओं, सिखों, जैनों, पारसियों, बौद्धों और ईसाईयों ने पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से धार्मिक उत्पीड़न के कारण भारत की पनाह ली हैं, उन्हें भारत की नागरिकता प्रदान की जाएगी।

Tags:    

Similar News