विदेशी धरती पर राहुल ने कहा- हमारे देश को बांट रहे BJP और RSS

विदेशी धरती पर राहुल ने कहा- हमारे देश को बांट रहे BJP और RSS

Bhaskar Hindi
Update: 2018-08-24 07:48 GMT
हाईलाइट
  • गुरुवार रात को राहुल गांधी का भाषण प्रसारित नहीं हो पाया था
  • जिसके बाद शुक्रवार को जारी हुआ।
  • बीजेपी और आरएसएस हमारे देश में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं: राहुल
  • राहुल गांधी ने कहा
  • देश के किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर विदेशी धरती से बीजेपी और आरएसएस पर हमला बोला है। जर्मनी के बर्लिन में राहुल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ हमारे देश को बांटने का काम कर रहे हैं। राहुल ने कहा हिंदुस्तान में आज जो सरकार है, उसका काम करने का तरीका अलग है। बीजेपी और आरएसएस हमारे देश में नफरत फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत की असली ताकत हर व्यक्ति की आवाज सुनने की है। राहुल ने कहा कि देश में नौकरियां नहीं हैं। किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं।

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी जर्मनी और ब्रिटेन की 5 दिवसीय यात्रा पर हैं। ये बयान राहुल ने गुरुवार रात बर्लिन में दिया है। दरअसल, गुरुवार रात राहुल गांधी का बर्लिन में संबोधन था। उन्होंने इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया, लेकिन इसका प्रसारण तकनीकि खराबी के कारण नहीं हो पाया था। उनका भाषण यूट्यूब पर लिंक के जरिए अंतरराष्ट्रीय समयानुसार रात 9.30 बजे शुरू होना था। कहा गया कि कार्यक्रम 10.30 बजे शुरू होगा, लेकिन उसके बाद भी शुरू नहीं हो सका। इसके बाद शुक्रवार को उनका संबोधन जारी किया गया है। राहुल ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा की विचारधारा में काफी अंतर है। आरएसएस महिलाओं के साथ भेदभाव करता है। आपको आरएसएस में कभी कोई महिला नजर नहीं आएगी, लेकिन कांग्रेस भेदभाव में विश्वास नहीं रखती है। 

आज लंदन में करेंगे छात्रों से संवाद
शुक्रवार देर शाम राहुल गांधी लंदन में कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। राहुल लंदन स्कूल ऑफ इकॉनोमिक्स के छात्रों से सीधा संवाद करेंगे। भारतीय समयानुसार रात 10 बजे ये संवाद होगा। शुक्रवार शाम राहुल ओवरसीज कांग्रेस (भारतीय समुदाय) के लोगों को भी संबोधित करेंगे। राहुल गांधी का जर्मनी दौरा दो दिनों का था।

 

Similar News