खिचड़ी को मिलेगा राष्ट्रीय व्यंजन का दर्जा, 4 नवंबर को ऐलान

खिचड़ी को मिलेगा राष्ट्रीय व्यंजन का दर्जा, 4 नवंबर को ऐलान

Bhaskar Hindi
Update: 2017-11-01 14:41 GMT
खिचड़ी को मिलेगा राष्ट्रीय व्यंजन का दर्जा, 4 नवंबर को ऐलान

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। "खिचड़ी" तो लगभग हर किसी ने खाई होगी, लेकिन अब इसे लेकर एक दिलचस्प खबर सामने आई है। खिचड़ी को अब विशेष पहचान मिलने जा रही है। खिचड़ी अब राष्ट्रीय भोजन बनने जा रही है। केंद्र सरकार ने "खिचड़ी" को इंडियन फूड ब्रांड के रूप में पेश करने का मन बनाया है। 4 नवंबर को दिल्ली में मनाए जाने वाले खाद्य दिवस पर खिचड़ी को देश का सुपर फूड बनाने की घोषणा की जाएगी। 

दिल्ली में 3 नवंबर से "विश्व खाद्य भारत" प्रदर्शनी एवं सम्मेलन की शुरुआत हो रही है। बता दें कि 4 नवंबर को विश्व खाद्य दिवस ( वर्ल्ड फू़ड डे) मनाया जाता है। खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय 4 नवंबर को इस इवेंट में इंडिया गेट लॉन पर शेफ संजीव कपूर की अगुवाई में 1000 किलो खिचड़ी बनाई जाएगी।

खाद्य प्रसंस्करण मंत्रालय ने खिचड़ी को इंडियन क्विज़ीन यानी भारतीय भोजन के रूप में पेश करने का आइडिया दिया था, जिसे स्वीकार कर लिया गया है। खिचड़ी" को व्यंजनों का राजा बताया गया है। इसमें चावल, दाल, हरी सब्जियां और सीमित मात्रा में मसाले रहते हैं, जिससे यह काफी स्वादिष्ट भी होती है। खिचड़ी बहुत कम खर्च में और कम वक्त में बन जाती है।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने जानकारी देते हुए कहा, "गुरु पर्व के दिन यह आयोजन होगा और इसमें तैयार खिचड़ी विदेशी मेहमानों के साथ साथ गरीबों में भी बांटी जाएगी। इस खिचड़ी को बनाने में 50 लोग शामिल होंगे और इसके पीछे प्रयास भारत के खाद्य ब्रांड के तौर पर खिचड़ी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पेश करना है। इसे धीमी आंच पर पकाया जाएगा।

इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकार्ड्स में भी दर्ज कराने की कोशिश होगी। उपराष्ट्रपति वैंकेया नायडू कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने बताया कि खिचड़ी को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाने के लिए मार्केटिंग रणनीति तैयार की गई है।
 

Similar News