Congress: राहुल को फरवरी में फिर मिल सकती है कांग्रेस की कमान, राजस्थान के नीमराना या जैसलमेर में हो सकता है अधिवेशन

Congress: राहुल को फरवरी में फिर मिल सकती है कांग्रेस की कमान, राजस्थान के नीमराना या जैसलमेर में हो सकता है अधिवेशन

Bhaskar Hindi
Update: 2021-01-16 18:27 GMT

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। 7 साल से केंद्र की सत्ता से दूर देश की सबसे पुरानी पॉलिटिकल पार्टी कांग्रेस की कमान एक बार फिर राहुल गांधी के हाथ सौंपी जा सकती है। सूत्रों के अनुसार फरवरी माह में राजस्थान के नीमराना या जैसलमेर में कांग्रेस का अधिवेशन हो सकता है। इसी दौरान बतौर अध्यक्ष राहुल गांधी की ताजपोशी हो सकती है।

सोनिया गांधी की मंजूरी मिलते ही बुलाया जाएगा अधिवेशन
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो कांग्रेस चुनाव समिति ने पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से अधिवेशन बुलाने की जगह और समय तय करने की अपील की है। इसके साथ ही चुनाव में हिस्सा लेने वाले AICC के सदस्यों की फाइनल लिस्ट भी अपने अंतिम फेज में हैं। सोनिया की मंजूरी मिलते ही अधिवेशन की जगह और समय तय किया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं ने सोनिया गांधी को लिखी थी चिट्ठी
कुछ महीने पहले पार्टी के 23 नेताओं ने इस मसले पर सोनिया गांधी को चिट्‌ठी भी लिखी थी। इनमें कपिल सिब्बल के साथ गुलाम नबी आजाद भी शामिल थे। चिट्ठी में पार्टी में ऊपर से नीचे तक बदलाव करने की मांग की गई थी।

फुलटाइम एक्टिव लीडरशिप की मांग
इस चिट्‌ठी में नेताओं ने सोनिया गांधी से ऐसी फुल टाइम लीडरशिप की मांग की थी, जो फील्ड में एक्टिव रहे और उसका असर भी दिखे। कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि फुलटाइम लीडरशिप और फील्ड में असर दिखाने वाली एक्टिवनेस जैसे शब्दों का इस्तेमाल इस तरफ इशारा करता है कि कांग्रेस का एक गुट दोबारा राहुल गांधी की ताजपोशी नहीं चाहता था।

कृषि कानूनों पर आक्रामक है कांग्रेस पार्टी
सियासी तौर पर देखें, तो कांग्रेस कृषि कानूनों को लेकर मैदान में है। इससे पहले, दिल्ली में राहुल और प्रियंका गांधी ने उप-राज्यपाल के बंगले का घेराव किया था। इसके बाद पंजाब के किसानों के जंतर मंतर पर धरने में भी कांग्रेस शामिल हुई थी। अब पार्टी कृषि कानूनों को आम आदमी की भाषा में समझाने की तैयारी में है। कांग्रेस ने कृषि कानूनों पर एक बुकलेट जारी करने की तैयारी भी की है। यह बुकलेट कई भाषाओं में होगी। राहुल गांधी 18 जनवरी को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसे जारी कर सकते हैं।

Tags:    

Similar News