टाटा ईवी: Tata Harrier EV भारत में 3 जून को होगी लॉन्च, जानिए कितनी मिलेगी रेंज और क्या है संभावित कीमत

- इसे 2025 भारत मोबिलिटी एक्सपो में पेश किया गया था
- पुणे में इस ईवी ने टेस्ट ट्रैक पर अपना दम दिखाया था
- फुल चार्ज में 500 किलोमीटर तक की रेंज मिल सकती है
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी टाटा मोटर्स (Tata Motors) की हैरियर (Harrier) जल्द इलेक्ट्रिक अवतार में आने वाली है। इसकी तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है और इसे अगले महीने लॉन्च किया जाएगा। यह टाटा की मौजूदा लाइनअप में सबसे महंगी और सबसे बड़ी ईवी होगी। बता दें कि, इसे सबसे पहले 2025 भारत मोबिलिटी एक्सपो में पेश किया गया था, जहां टाटा ने एसयूवी का प्रोडक्शन-रेडी वर्जन प्रदर्शित किया था। इसके बाद मार्च में कंपनी ने पुणे में टाटा.ईवी डे इवेंट में टाटा हैरियर ईवी को पेश किया था, यहां इस ईवी ने टेस्ट ट्रैक पर अपना दम दिखाया था।
Tata Harrier EV लॉन्च डेट और संभावित कीमत
टाटा हैरियर ईवी को इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में तीन जून 2025 को औपचारिक तौर पर लॉन्च किया जाएगा। हाल ही में वाहन निर्माता की ओर से इसकी जानकारी सार्वजनिक की गई है। इसे भारतीय बाजार में 25 लाख रुपए से लेकर 30 लाख रुपए की कीमत के बीच में लॉन्च किया जा सकता है।
Tata Harrier EV का कैसा है डिजाइन?
यह कंपनी के D8 प्लेटफॉर्म पर बेस्ड है, इसे Tata ने Acti.ev (Gen 2) प्लेटफॉर्म बताया है। यह ईवी अपने ICE सिबलिंग से अपने अधिकांश डिजाइन सिग्नल लेती है, जिसमें एक्सटीरियर और इंटीरियर डिजाइन शामिल है। हालांकि, यह ईवी पेट्रोल और डीजल ऑप्शन वाले मॉडल से अधिक अट्रैक्टिव और अग्रेसिव नजर आती है। इसमें आगे की तरफ वर्टिकल LED हेडलाइट्स और DRLs दिए गए हैं। जबकि, रियर में कनेक्टेड लाइट बार और बंपर में वर्टिकल फॉग लैंप्स दिए गए हैं। इसमें 19-इंच के एलॉय व्हील्स देखने को मिलेंगे।
Tata Harrier EV के संभावित फीचर्स
इस ईवी में पैनोरमिक सनरूफ, 12.3-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलेगा, जो वायरलेस एपल कारप्ले और वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो को सपोर्ट करेगा। इसमें 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर देखने को मिलेगा। इसके अलावा आगामी ईवी में वेंटिलेटेड फ्रंट सीट और ड्राइवर साइड पर मेमोरी फंक्शन और पैसेंजर साइड पर 4-वे पावर एडजस्टमेंट जैसी फीचर्स मिलेंगे। इसमें 10 स्पीकर्स के साथ JBL साउंड सिस्टम मिलेगा। सुरक्षा के लिहाज से इसमें ADAS के अलावा 6 एयरबैग्स, एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम, ब्रेक असिस्ट, ऑटो होल्ड, ESC, 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर्स मिलेंगे।
Tata Harrier EV बैटरी और पावर
इस ईवी में डुअल मोटर दिया जाएगा, जो सभी पहियों तक बैटरी से पावर पहुंचाने का काम करता है। यह 500Nm तक का टॉर्क जनरेट करेगा। इसमें 55 से 60 kWh बैटरी पैक दिया जा सकता है। कहा जा रहा है कि, यह सिंगल चार्ज में यह 500 किलोमीटर तक की रेंज ऑफर कर सकती है।
Created On :   19 May 2025 6:00 PM IST