- Home
- /
- चुनाव
- /
- विधानसभा चुनाव
- /
- बिहार विधानसभा चुनाव 2025
- /
- कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने...
बिहार चुनाव 2025: कांग्रेस नेत्री प्रियंका गांधी ने बिहार में की चुनावी जनसभा, NDA सरकार पर साधा निशाना

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग समाप्त हो चुकी है। इसके बाद कांग्रेस नेता और सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पर वोट चोरी के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हरिणाया की तहत बिहार में एनडीए चुनाव चोरी की तैयारी कर रहा है। ये दावा उन्होंने दूसरे चरण की विधानसभा सीटों पर चुनावी रैली के दौरान किया है। कांग्रेस सांसद ने पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी और मधुबनी के जिलों में चुनावी सभाए की। इस दौरान उन्होंने चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह सरकार के साथ मिलकर देश के संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने का काम कर रहे हैं।
यह भी पढ़े -जिस बिहार ने देश और महात्मा गांधी को राह दिखाई, एनडीए सरकार ने नहीं दिया उस पर ध्यान प्रियंका गांधी वाड्रा
राहुल गांधी के हरियाणा वोट चोरी मुद्दे को लेकर कही ये बात
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हरियाणा के कथित वोट चोरी के मुद्दे का हवाला देते हुए बताया, "जिस तरह उन्होंने (NDA) हरियाणा में पूरा चुनाव चुरा लिया, उसी तरह वे बिहार में भी 65 लाख वोटों को नामावली से हटाकर ऐसा ही करने की तैयारी कर रहे हैं। ऐसी वोट चोरी से आपके अधिकार छीने जाते हैं। इससे वह संविधान कमजोर होता है, जिसके लिए महात्मा गांधी जी लड़े, मेरे परिवार के लोग शहीद हुए।" उन्होंने आगे जनता से अपील की और कहा, "आप बिहार में एक ऐसी सरकार बनाइए, जो महिलाओं, युवाओं, किसानों, गरीबों के लिए काम करे न कि वोट चोरी करे।"
मुख्य चुनाव आयुक्त पर कसा तंज
कांग्रेस सांसद ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और दो निर्वाचन आयुक्तों एसएस सिंधू और विवेक जोशी के दावों पर तंज कसा और कहा, "ये चुनाव आयोग के सबसे ऊंचे अधिकारी हैं, जो देश के संविधान और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। ये तीन लोग आपके अधिकार छीन रहे हैं। इनके नाम याद कर लीजिए। इनको पद और आयोग के पीछे छिपने मत दीजिए।"
उन्होंने आगे कहा, "जो लोग देश के साथ विश्वासघात कर रहे हैं, उन्हें देश भूलेगा नहीं। नरेंद्र मोदी जी को मैं चुनौती देती हूं कि वो निष्पक्ष चुनाव कराएं। देखते हैं कि कौन जीतता है? राहुल गांधी की लड़ाई आपके और सच्चाई के लिए है, वह वही लड़ाई लड़ रहे हैं जो कभी महात्मा गांधी ने लड़ी थी।"
बीजेपी पर साधा निशाना
प्रियंका गांधी ने दावा करते हुए कहा कि अगर बिहार विधानसभा चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष हुए तो जनता एनडीए सरकार को उखाड़ कर फेंक देगी। और उसकी जगह एक ऐसी सरकार बनेगी, जो गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए काम करेगी। उन्होंने आगे कहा, "भाजपा नेता लोगों से धर्म के नाम पर NDA को वोट देने का आग्रह करते हैं, न कि विकास के लिए। अगर यह चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष हुआ, तो बिहार के लोग इस सरकार को उखाड़ फेंकेंगे और ऐसी सरकार को चुनेंगे जो गरीबों, महिलाओं और युवाओं के लिए काम करेगी।"
यह भी पढ़े -'आज अपना भविष्य तय करने का दिन', प्रियंका गांधी वाड्रा ने बिहार से मतदाताओं से वोट की अपील की
पीएम मोदी के बयान का किया पलटवार
प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महागठबंधन के पोस्ट वाले बयान का पलटवार करते हुए कहा, "नरेंद्र मोदी विपक्षी पार्टियों के पोस्टर में लोगों की फोटो नापते रहते हैं। वह देश के प्रधानमंत्री हैं, क्या उनके पास और कोई काम नहीं है?"
उन्होंने आगे चंपारण में महात्मा गांधी के आंदोलन को लेकर कहा, "हम कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता हैं, जिनको महात्मा गांधी जी ने रास्ता दिखाया। वहीं, महात्मा गांधी जी को ये रास्ता दिखाने वाले आपके पूर्वज थे। बिहार के लोगों को इस देश में अपनी भागीदारी समझनी पड़ेगी। आपको समझना पड़ेगा कि इस देश को बनाने वाले आपके पूर्वज हैं।"
पेपर लीक मुद्दे पर दी प्रतिक्रिया
कांग्रेस नेता ने पेपर लीक का मुद्दा उठाते हुए कहा, "युवा लगातार परीक्षा देते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक हो जाता है। ऐसे में परीक्षा और नियुक्तियों के इंतजार में युवाओं के जीवन के कई साल बर्बाद हो जाते हैं। बिहार और उत्तर प्रदेश में युवाओं की यही स्थिति है।"
बिहार में डबल इंजन सरकार पर साधा निशाना
प्रियंका गांधी का डबल इंजन सरकार को लेकर बताया, "नरेंद्र मोदी चुनाव से पहले 10 हजार रुपये देकर वोट लेना चाहते हैं। आज बिहार में पलायन और गरीबी है। लोग परिवार के लिए दूसरे राज्यों में कमाने जाते हैं, लेकिन मोदी-नीतीश को ये नहीं दिखता।" उन्होंने आगे कहा, "20 साल से एनडीए की सरकार है, लेकिन मोदी आज तक बिहार के किसी गांव में जनता का हाल जानने तक नहीं गए। असलियत में इन्हें जनता की परवाह ही नहीं है। ये लोग बस टीवी, पोस्टर में अपना चेहरा चमकाने में लगे हैं।"
Created On :   6 Nov 2025 9:15 PM IST












