बिहार विधानसभा चुनाव 2025: NDA की जीत के बाद दिल्ली के बीजेपी मुख्यालय में PM मोदी ने गमछा लहराया, कहा - बिहार के लोगों ने बिल्कुल गर्दा उड़ा दिया

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत का जश्न मनाने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित बीजेपी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान पीएम मोदी ने बिहारी अंदाज में गमछा लहराया। इसके बाद उन्होंने जय छठी मैया से अपने संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया।
एनडीए की जीत पर पीएम मोदी ने लोगों को किया संबोधित
बिहार में एनडीए की जीत पर पीएम मोदी ने कहा, "ये प्रचंड जीत, ये अटूट विश्वास। बिहार के लोगों ने गर्दा उड़ा दिया। हम NDA के लोग, हम तो जनता जनार्दन के सेवक हैं। हम अपनी मेहनत से जनता का दिल खुश करते रहते हैं, और हम तो जनता जनार्दन का दिल चुरा कर बैठे हुए हैं, इसलिए आज बिहार ने बता दिया है कि फिर एक बार NDA सरकार।"
पीएम मोदी ने कहा, "बिहार के लोगों ने विकसित बिहार के लिए मतदान किया है। बिहार के लोगों ने समृद्ध बिहार के लिए मतदान किया है। मैंने चुनाव प्रचार के दौरान, बिहार की जनता से रिकॉर्ड वोटिंग का आग्रह किया था और बिहार के लोगों ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। मैंने बिहार के लोगों से एनडीए को प्रचंड विजय दिलाने का आग्रह किया था, बिहार की जनता ने मेरा ये आग्रह भी माना।"
बिहार ने 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश NDA को दिया - पीएम मोदी
उन्होंने आगे कहा, "जब मैं जंगलराज और कट्टा सरकार की बात करता था तो आरजेडी कोई आपत्ति नहीं जताती थी। हालाँकि, इससे कांग्रेस बेचैन हो जाती थी। आज मैं फिर से दोहराना चाहता हूं कि कट्टा सरकार बिहार में कभी नहीं लौटेगी।"
पीएम मोदी ने कहा, "इस बार लोगों ने बिना डरे मतदान किया। बिहार ने 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश NDA को दिया। महागठबंधन ने तुष्टीकरण वाला MY फॉर्मूला बनाया था। आज की जीत ने सकारात्मक MY फॉर्मूला महिला और यूथ बनाया। जनता ने जंगलराज वालों के सांप्रदायिक MY फॉर्मूला का अंत कर दिया।"
पीएम मोदी ने कहा, "बिहार की ये जीत बेटियों और माताओं की जीत है। बिहार अब कभी भी जंगलराज की वापसी नहीं होगी। बिहार में अब तुष्टिकरण की जगह संतुष्टीकरण है। भारत के विकास में बिहार के लोगों की बड़ी भूमिका है। बिहार की विकास अब रुकने वाली नहीं है।"
उन्होंने कहा, "गंगाजी बिहार से होकर ही बंगाल तक पहुंचती हैं। बिहार ने बंगाल में विजय का रास्ता भी बना दिया है। मैं बंगाल के लोगों को आश्वस्त करता हूं कि अब भाजपा आपके साथ मिलकर जंगलराज को उखाड़ फेंकेगी।"
Created On :   14 Nov 2025 7:02 PM IST












