Jio listing ceremony: जियो की लिस्टिंग सेरेमनी में भावुक हुए मुकेश अंबानी, अनंत की बातों में दिखी परिवार की विरासत, बोले- मेरे लिए कारोबार पूजा की तरह

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। रिलायंस इंडस्ट्रीज (Reliance Industries) के लिए आज (28 अक्टूबर 2026, बुधवार) जियो (Jio) की लिस्टिंग सेरेमनी सिर्फ कारोबार की बड़ी कामयाबी का नहीं, बल्कि भावनाओं और पारिवारिक रिश्तों से जुड़ा पल भी बन गया। जियो प्लेटफॉर्म्स की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में आयोजित लिस्टिंग समारोह के दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी इतने भावुक हो गए कि उन्हें अपनी आंखों से आंसू पोंछते देखा गया। दरअसल, इस मौके पर उनके बेटे अनंत अंबानी ने अपने भाषण में दादा धीरूभाई अंबानी के सपनों, पिता मुकेश अंबानी के मार्गदर्शन का जिक्र किया। साथ ही उन्होंने जियो से जुड़े करोड़ों भारतीयों का आभार भी जताया।
रिलायंस इंडस्ट्रीज के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अनंत अंबानी ने बताया कि एक साधारण परिवार से निकलकर बड़े सपने देखने वाले धीरूभाई अंबानी ने यह विश्वास जगाया कि भारत का आम नागरिक भी असाधारण उपलब्धियां हासिल कर सकता है। आइए जानते हैं उनके भाषण और समारोह के कुछ यादगार पलों के बारे में...
अनंत अंबानी बोले- मेरे लिए कारोबार पूजा की तरह
समारोह में अनंत अंबानी ने अपने संबोधन की शुरुआत सभी लोगों को प्रणाम करते हुए की। उन्होंने कहा कि, इस खास दिन उनके मन में सबसे पहली भावना आभार की है। उन्होंने उन लाखों लोगों का धन्यवाद किया, जिन्होंने जियो पर भरोसा किया और कंपनी को इस मुकाम तक पहुंचाने में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि शेयर बाजार में बजने वाली घंटी उनके लिए मंदिर की घंटी जैसी होगी। इसकी वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि उनके लिए कारोबार भी पूजा की तरह है और हर पूजा के अंत में प्रसाद बांटा जाता है। उन्होंने कहा कि आज जियो को भारत के साथ शेयर किया जा रहा है।
दादा धीरूभाई अंबानी के सपनों को किया याद
अनंत अंबानी ने अपने भाषण में दादा धीरूभाई अंबानी के संघर्ष और दूरदर्शिता का जिक्र किया। उन्होंने धीरूभाई अंबानी की शुरुआती जिंदगी का उदाहरण देते हुए कहा कि सीमित साधनों के बावजूद उन्होंने बड़े सपने देखे और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत की। उन्होंने कि उनके दादा की सोच ने रिलायंस की नींव रखी। इसके बाद उनके पिता मुकेश अंबानी ने उसी सोच को आगे बढ़ाया और भारत को तकनीक तथा कारोबार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का सपना देखा।
अपने भाषण में अनंत अंबानी ने परिवार के उन सदस्यों को भी याद किया, जिनके योगदान से रिलायंस की यात्रा आगे बढ़ी। उन्होंने दादा के सपनों, दादी के आशीर्वाद, पिता के मार्गदर्शन और मां के संस्कारों को परिवार की ताकत बताया। उन्होंने अपनी बहन ईशा अंबानी और भाई आकाश अंबानी का जिक्र करते हुए कहा कि तीनों भाई-बहन अलग-अलग शरीर जरूर हैं, लेकिन उनकी सोच और उद्देश्य एक हैं। उनका साझा लक्ष्य भारतीयों के सपनों को पूरा करने में योगदान देना है। अनंत के भाषण के इन शब्दों को सुन पिता मुकेश अंबानी भावुक हो गए। इस दौरान उन्हें आंसू पोंछते हुए देखा गया।
यह भी पढ़े -कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच पेट्रोल- डीजल के नए रेट जारी, जानिए आज के लेटेस्ट दाम
ईशा अंबानी ने भी पिता को दिया धन्यवाद
अनंत अंबानी के अलावा ईशा अंबानी ने भी परिवार की एक पुरानी याद साझा की। साथ ही ईशा ने अपने पिता के योगदान के लिए आभार जताते हुए कहा कि आज परिवार जिस मुकाम पर खड़ा है, उसमें उनकी बड़ी भूमिका है। उन्होंने यह भी कहा कि यह यात्रा अभी खत्म नहीं हुई है, बल्कि आगे बढ़ने की नई शुरुआत है। समारोह में ईशा अंबानी ने अपने भाई आकाश अंबानी की मेहनत और समर्पण की भी सराहना की।
Created On :  

