Kopargaon News: कोपरगाव नगर परिषद पर खिला भाजपा का कमल, पराग संधान बने नगराध्यक्ष

Kopargaon News. अहमदनगर के कोपरगाव में पिछले कई दिनों से पूरे जिले की निगाहें कोपरगाव नगर परिषद चुनाव के नतीजों पर टिकी थीं। रविवार को घोषित परिणामों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निर्विवाद वर्चस्व कायम करते हुए शानदार जीत दर्ज की है। कड़े मुकाबले में भाजपा उम्मीदवार पराग शिवाजी संधान ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजीत पवार गुट) के ओमप्रकाश उर्फ काका कोयटे को 400 मतों से पराजित कर नगराध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।
नगराध्यक्ष पद के साथ-साथ नगरसेवक पदों पर भी भाजपा की मजबूत पकड़ देखने को मिली। कुल 30 सीटों में से भाजपा व मित्र पक्षों ने 19 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल किया है, जबकि राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजीत पवार गुट) को 11 सीटों से संतोष करना पड़ा।
इस जीत के बाद कोपरगाव शहर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने गुलाल उड़ाकर और पटाखे फोड़कर जमकर जश्न मनाया। पराग संधान की जीत से भाजपा खेमे में उत्साह का माहौल है।
शिवसेना के दोनों गुटों का सूपड़ा साफ
इस चुनाव के सबसे चौंकाने वाले नतीजे शिवसेना (शिंदे गुट) और शिवसेना (ठाकरे गुट) के लिए सामने आए। दोनों ही गुट एक भी सीट जीतने में नाकाम रहे। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि कोपरगाव की राजनीति अब मुख्य रूप से भाजपा और राष्ट्रवादी कांग्रेस के बीच सिमट गई है।
Created On :  
