हादसा: पानी में उतरे थे तैरने, तीन एमबीए स्टूडेंट्स की हुई दर्दनाक मौत - जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने जताया दुख

पानी में उतरे थे तैरने, तीन एमबीए स्टूडेंट्स की हुई दर्दनाक मौत - जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने जताया दुख
  • जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने जताया दुख
  • तीन एमबीए स्टूडेंट्स की हुई दर्दनाक मौत
  • स्थानीय नागरिक और कुछ आदिवासी युवक मौके पर पहुंचे

Ahilyanagar News. गुरुवार शाम करीब 5 बजे एक दर्दनाक हादसे में अहिल्यानगर जिले के लोनी के पास चंद्रपुर गांव स्थित भंडारण जलाशय में डूबने से तीन एमबीए छात्रों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अभिषेक गंगाधर जाधव (24, निवासी सुरेगांव शिंगणापुर, तालुका नेवासा), प्रवीण प्रभाकर रसाल (23, निवासी रामनगर, छत्रपति संभाजीनगर) और महेश अशोक शिंदे (26, निवासी संत ज्ञानेश्वर नगर, छत्रपति संभाजीनगर) के रूप में हुई है। तीनों छात्र लोनी स्थित ‘पायरेन्स आईबीएमए कॉलेज’ में एमबीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे थे।

जल संसाधन मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा कि, एमबीए द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहे छात्र अभिषेक गंगाधर जाधव, प्रवीण प्रभाकर रसाल और महेश अशोक शिंदे का चंद्रपुर स्थित जलाशय में डूबने से हुआ दुखद निधन अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक घटना है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रयासरत इन तीनों छात्रों का अचानक और असमय निधन न केवल शैक्षिक समुदाय, बल्कि पूरे प्रवरा क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। इस घटना से संपूर्ण प्रवरा क्षेत्र और शिक्षा जगत में शोक की गहरी लहर फैल गई है।

विखे पाटिल ने कहा कि इस दुखद घड़ी में वे मृतक छात्रों के शोकाकुल परिवारों के साथ पूरी संवेदना और एकजुटता के साथ खड़े हैं। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें तथा परिजनों को इस गहरे दुख को सहन करने की शक्ति दें।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कॉलेज के छात्रों का एक समूह भंडारण जलाशय में तैरने गया था। इसी दौरान कुछ छात्र पानी में उतरे, लेकिन वे जलाशय में मौजूद गहरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लगा सके। अचानक तीनों छात्र गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।

घटना देख उनके साथियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। आवाज सुनते ही स्थानीय नागरिक और कुछ आदिवासी युवक मौके पर पहुंचे तथा छात्रों को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद तीनों को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलते ही लोनी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए प्रवरा अस्पताल भेज दिया गया।

इस हादसे के बाद मृतक छात्रों के परिजनों और दोस्तों में शोक की लहर फैल गई है। अचानक हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में मातम का माहौल है। लोनी पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Created On :   29 May 2026 8:46 PM IST

Tags

Next Story