- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- अंतरराष्ट्रीय फर्जीवाड़ा रैकेट में...
Amravati News: अंतरराष्ट्रीय फर्जीवाड़ा रैकेट में अमरावती के तीन युवक गिरफ्तार

Amravati News नागपुर पुलिस ने हवाला, ऑनलाइन बेटिंग और गेमिंग के नाम पर देश से करोड़ों रुपए विदेश भेजने वाले अंतरराष्ट्रीय धोखाधड़ी गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस नेटवर्क से जुड़े 23 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें अमरावती के तीन युवक भी शामिल हैं। इस गिरोह के जरिए अब तक लगभग 40.87 करोड़ रुपए चीन और कंबोडिया जैसे देशों में ट्रांसफर किए गए थे। नागपुर पुलिस की कार्रवाई के बाद अमरावती पुलिस और अपराध शाखा भी सक्रिय हो गई है। शहर में इस रैकेट से जुड़े कमीशन एजेंटों की तेज तलाश शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में अमरावती के राहुल संजय जुनी (जवाहर गेट, रंगारी गली), देवेश महेश वजीर (सराफा बाजार) और अमर संजय वाघोलकर (नीलकंठ चौक) के नाम शामिल हैं। सूत्रों के अनुसार, इन युवकों ने कमीशन के लालच में अपने खातों और दस्तावेजों का इस्तेमाल रैकेट के लिए किया था।
किराए पर बैंक खाते लेकर करते थे हवाला ट्रांजेक्शन : प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने शहर और जिले के कई युवाओं से किराए पर बैंक खाते लिए थे। इसके बदले उन्हें 15 से 20 हजार रुपए तक का कमीशन दिया जाता था। इन खातों के जरिए ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग साइट्स से आने वाली भारी रकम को हवाला के जरिए विदेशी खातों में ट्रांसफर किया जाता था।गिरोह के मास्टरमाइंड देशभर में फर्जी कंपनियों के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे, जिनसे करोड़ों की राशि अंतरराष्ट्रीय खातों में भेजी जाती थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आईटी और फाइनेंस क्षेत्र से जुड़े लोग भी शामिल हैं, जो रैकेट की तकनीकी व्यवस्था और ट्रांजेक्शन प्रक्रिया संभालते थे।
अमरावती पुलिस ने शुरू की गहन जांच : यह पहला मौका है जब अमरावती के युवाओं का नाम किसी अंतरराष्ट्रीय मनी लॉन्ड्रिंग रैकेट से जुड़ा है। इसलिए शहर पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के मोबाइल डेटा, बैंक ट्रांजेक्शन और संपर्कों की जांच शुरू कर दी है।
Created On :   14 Nov 2025 2:55 PM IST















