- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- जलसंरक्षण से खेती को मिली नई...
Amravati News: जलसंरक्षण से खेती को मिली नई संजीवनी ,200 हेक्टेयर सिंचित, 4 हजार क्विंटल गेहूं उत्पादन

Amravati News तिवसा तहसील के भिवापुर ग्राम पंचायत अंतर्गत वीरगव्हाण गांव में ‘गादमुक्त बांध–गादयुक्त शिवार’ योजना ने जलसंरक्षण और कृषि विकास की नई मिसाल कायम की है। जिला वार्षिक योजना के तहत तालाब की मरम्मत एवं गहरीकरण कार्य पूरा होने से इसकी जलधारण क्षमता बढ़ी है, जिससे 100 से 150 किसानों को सिंचाई का स्थायी आधार मिला है।
योजना के तहत तालाब से निकाली गई उपजाऊ गाद किसानों के खेतों में डाली गई, जिससे मिट्टी की उर्वरता और भूजल स्तर में सुधार हुआ। इसका लाभ करीब 200 हेक्टेयर कृषि भूमि को मिला। बेहतर सिंचाई और उर्वर मिट्टी के कारण इस रबी सीजन में किसानों ने करीब 4 हजार क्विंटल गेहूं का रिकॉर्ड उत्पादन हासिल किया।
जिला वार्षिक योजना से मिला बल : राज्य के राजस्व मंत्री एवं अमरावती के पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले की पहल पर जिला नियोजन समिति (डीपीसी) के माध्यम से तालाब की पाल और अपवाह संरचना की मरम्मत कराई गई। जिलाधिकारी, जिला परिषद और जलसंरक्षण विभाग के समन्वय व ग्राम पंचायत के सहयोग से परियोजना सफलतापूर्वक पूरी की गई।
अन्य गांवों के लिए बना आदर्श मॉडल : ग्रामवासियों ने इस परियोजना को जलसंरक्षण का सफल मॉडल बताते हुए कहा कि यदि जिले में इसी तरह की योजनाओं का विस्तार किया जाए तो सूखा प्रभावित क्षेत्रों में कृषि उत्पादन बढ़ाने और किसानों की आय में वृद्धि करने में बड़ी मदद मिलेगी।
Created On :   22 July 2026 11:38 AM IST















