- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- युवक के नाम पर खोला खाता, 4.68 लाख...
Amravati News: युवक के नाम पर खोला खाता, 4.68 लाख की साइबर ठगी , पासबुक-एटीएम लेकर फरार हुए आरोपी

Amravati News शहर में साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे एक युवक को पैसों का लालच देकर उसके नाम पर बैंक खाता खुलवाया गया और उसी खाते का इस्तेमाल 4.68 लाख रुपए की साइबर ठगी के लिए किया गया। संदिग्ध लेन-देन का पता चलते ही पुलिस ने बैंक खाता सील कर दिया। शहर साइबर पुलिस ने शुक्रवार को चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मार्च 2026 में युवक की मुलाकात चार युवकों से हुई थी। बातचीत के दौरान उसने अपनी आर्थिक तंगी का जिक्र किया। इसका फायदा उठाते हुए आरोपियों ने शेयर मार्केट में कारोबार का हवाला दिया और अपनी बैंक खाते की लेन-देन सीमा पूरी होने की बात कहकर 15 मार्च को युवक के नाम पर बैंक ऑफ महाराष्ट्र में नया खाता खुलवा लिया।
खाता खुलने के बाद आरोपियों ने युवक की पासबुक, एटीएम कार्ड और खाते से लिंक मोबाइल सिम अपने कब्जे में ले लिया। कुछ समय बाद रेलवे भर्ती का ऑनलाइन आवेदन भरने के लिए युवक ने अपना सिम वापस मांगा, लेकिन आरोपियों ने सिम खो जाने का बहाना बना दिया। इससे युवक को शक हुआ और वह सीधे बैंक पहुंचा।
बैंक में जानकारी लेने पर युवक को पता चला कि उसका खाता पहले ही पुलिस द्वारा सील किया जा चुका है। जांच में सामने आया कि इसी खाते के जरिए 4.68 लाख रुपए का संदिग्ध लेन-देन किया गया था। इसके बाद युवक ने शहर साइबर पुलिस से संपर्क किया, जिसके आधार पर चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पहचान फिलहाल गोपनीय : शहर साइबर सेल के एपीआई अनिकेत कासार ने बताया कि मामला गंभीर है और आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। उनके फरार होने की आशंका को देखते हुए शिकायतकर्ता और संदिग्धों की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की जा रही है।
83 करोड़ की ठगी से नहीं मिला संबंध : कुछ समय पहले ग्रामीण क्षेत्र में मजदूरों के नाम पर 68 बैंक खाते खुलवाकर गोवा स्थित कॉल सेंटर के जरिए 83 करोड़ रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया था। शहर साइबर पुलिस ने दोनों मामलों के बीच संभावित संबंध तलाशने के लिए ग्रामीण साइबर पुलिस से संपर्क किया, लेकिन अब तक दोनों घटनाओं के बीच कोई प्रत्यक्ष कड़ी नहीं मिली है।
Created On :   18 July 2026 3:15 PM IST














