Amravati News: मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही, धारणी के बीएलओ पर मामला दर्ज

मतदाता सूची पुनरीक्षण में लापरवाही, धारणी के बीएलओ पर मामला दर्ज
अमरावती जिले का पहला आपराधिक मामला

Amravati News विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान लापरवाही, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना व शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने के आरोप में धारणी के एक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के खिलाफ थाने में मामला दर्ज किया गया है। इसे अमरावती जिले में एसआईआर अभियान से जुड़ा पहला आपराधिक प्रकरण माना जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोपन गांव के मतदान केंद्र क्रमांक-23 की जिम्मेदारी बीएलओ सुनील नारायण काले के पास थी। उन्हें घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी एकत्रित करने, एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने, आवश्यक आवेदन वितरित करने- संकलित जानकारी का डिजिटाइजेशन करने के निर्देश दिए गए थे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बार-बार निर्देश के बाद भी कार्य में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। शिकायत के अनुसार बीएलओ ने एक प्रतिशत से भी कम एन्यूमरेशन फॉर्म एकत्रित किए और उनका डिजिटाइजेशन भी नहीं किया। जलसंधारण अधिकारी व एसआईआर पर्यवेक्षक जयंत शिरभाते की शिकायत पर धारणी पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण : मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील है। निर्वाचन आयोग व शासन के निर्देशों का पालन नहीं करने वालों को किसी भी स्थिति में संरक्षण नहीं दिया जाएगा। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार प्रकरण पुलिस को सौंपा गया है और आगे की जांच जारी है। -प्रदीप शेवाले, तहसीलदार धारणी


Created On :   14 July 2026 12:25 PM IST

Tags

Next Story