Amravati News: अमरावती में की जा रही चोरी और फर्जी दस्तावेजों वाले ट्रकों की तलाश

अमरावती में की जा रही चोरी और फर्जी दस्तावेजों वाले ट्रकों की तलाश
चेसिस नंबर से छेड़छाड़, अपराध शाखा ने चालू किया जांच अभियान

Amravati News शहर में फर्जी दस्तावेजों, चेसिस नंबर से छेड़छाड़ और अवैध रूप से खरीदे गए ट्रकों के संचालन की आशंका को देखते हुए अपराध शाखा ने विशेष जांच अभियान शुरू किया है। सोमवार से ट्रांसपोर्ट नगर, एमआईडीसी व विभिन्न गोदामों के बाहर खड़े ट्रकों के दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। तकनीकी सत्यापन के लिए आरटीओ से भी सहयोग लिया जा रहा है।

प्राथमिक जांच में संभावना जताई गई है कि कुछ ट्रकों का दूसरे राज्यों में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पंजीकरण कराया गया है। वाहनों की वास्तविक पहचान छिपाने के लिए चेसिस नंबर से छेड़छाड़ करने, उस पर धातु की प्लेट वेल्डिंग करने व फर्जी कागजात तैयार कर महाराष्ट्र में संचालित किए जाने की संभावना है। सूत्रों के अनुसार कई मामलों में वित्तीय संस्थानों से ऋण लेकर खरीदे गए ट्रकों की पहचान बदलकर जब्ती से बचने की कोशिश की जाती है।

राष्ट्रीय डेटाबेस से किया जा रहा मिलान : अपराध शाखा ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में खड़े ट्रकों की सूची तैयार कर ली है। टीम राष्ट्रीय वाहन डेटाबेस के रिकॉर्ड से पंजीकरण, मालिकाना हक और अन्य विवरणों का मिलान कर रही है। किसी भी प्रकार की अनियमितता सामने आने पर संबंधित वाहन मालिकों और गिरोहों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Created On :   14 July 2026 12:32 PM IST

Tags

Next Story