Amravati News: अमरावती के 520 कृषि केंद्रों को बिक्री बंद करने के आदेश 1.70 करोड़ का नकली बीज-खाद जब्त

अमरावती के 520 कृषि केंद्रों को बिक्री बंद करने के आदेश 1.70 करोड़ का नकली बीज-खाद जब्त
  • पहली बार ट्रेन और निजी बस से भेजी जा रहीं कृषि निविष्ठाएं भी पकड़ीं
  • गुण नियंत्रण अभियान में संभाग की राज्य में सबसे बड़ी कार्रवाई

Amravati News शहर भास्कर। अमरावती. खरीफ सीजन के दौरान किसानों को नकली बीज, खाद और कीटनाशकों से बचाने के लिए कृषि विभाग द्वारा अमरावती संभाग में चलाए जा रहे विशेष गुणनियंत्रण अभियान में अब तक दोषी पाए गए 520 कृषि केंद्रों पर बिक्री बंद करने के आदेश जारी किए गए, जबकि 230 केंद्रों की अनुमति रद्द कर दी गई। इसके अलावा 23 मामलों में एफआईआर दर्ज कर करीब 1 करोड़ 70 लाख 70 हजार रुपये मूल्य की नकली एवं अमानक कृषि निविष्ठाएं जब्त की गई हैं।

अधिकारियों के अनुसार खरीफ सीजन में नकली बीज एवं खाद की बिक्री रोकने के लिए लगातार छापेमार कार्रवाई की जा रही है। कृषि केंद्रों पर उपलब्ध सामग्री के नमूने लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच की जा रही है। जहां भी निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया गया, वहां संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की गई। कृषि विभाग की इस व्यापक कार्रवाई ने राज्य में सबसे अधिक कार्रवाई करने वाले संभाग का स्थान हासिल किया है। विभाग ने इस बार केवल कृषि केंद्रों तक ही जांच सीमित नहीं रखी, बल्कि ट्रेन और निजी ट्रैवल्स के माध्यम से भेजे जा रहे बीज, खाद एवं कीटनाशकों की खेपों पर भी निगरानी रखकर कई संदिग्ध माल जब्त किए, जिससे अवैध कारोबार में लगे तत्वों में हड़कंप मच गया है।

5,061 कृषि केंद्रों की हुई जांच : संभाग में बीज, खाद और कीटनाशकों के विक्रेताओं की जांच के लिए निर्धारित लक्ष्य से अधिक निरीक्षण किए गए हैं। अब तक कुल 22,323 कृषि केंद्रों में से 4,898 केंद्रों की जांच का लक्ष्य रखा गया था, जबकि 5,061 केंद्रों का निरीक्षण कर लक्ष्य से अधिक कार्रवाई की गई। जिनमें बीज विक्रेताओं के 7,424 केंद्रों में से 3,611 जांच का लक्ष्य था, जबकि 3,984 केंद्रों की जांच की गई। खाद के 7,634 केंद्रों में 1,085 के लक्ष्य के मुकाबले 967 केंद्रों का निरीक्षण किया गया। वहीं कीटनाशक विक्रेताओं के 7,265 केंद्रों में 202 के लक्ष्य के विरुद्ध 110 केंद्रों की जांच पूरी की गई।

सबसे अधिक कार्रवाई खाद विक्रेताओं पर : गुणनियंत्रण अभियान में सबसे अधिक कार्रवाई खाद विक्रेताओं के खिलाफ हुई। विभाग ने 132 खाद विक्रेताओं की अनुमति रद्द करते हुए 270 केंद्रों की बिक्री बंद कर दी। साथ ही 8 एफआईआर दर्ज कर 761.76 मीट्रिक टन खाद जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 34 लाख 26 हजार रुपये बताई गई है। बीज के मामलों में 8 लाइसेंस रद्द, 239 बिक्री बंद, 14 एफआईआर तथा 12.02 क्विंटल बीज जब्त किया गया, जिसकी कीमत 28.45 लाख रुपये आंकी गई है। वहीं कीटनाशकों के मामले में 70 अनुमति रद्द, 11 बिक्री बंद, 1 एफआईआर तथा 3.58 लीटर कीटनाशक जब्त किया गया, जिसकी कीमत लगभग 8 लाख रुपये है।


Created On :   17 July 2026 12:02 PM IST

Tags

Next Story