Amravati News: बीज कंपनियों पर केस, 3.80 करोड़ के बीजों की बिक्री पर रोक

बीज कंपनियों पर केस, 3.80 करोड़ के बीजों की बिक्री पर रोक
  • बीज पैकेटों पर ‘मोस्ट ट्रस्टेड ब्रांड’, ‘बेस्ट क्वालिटी’ जैसे दावे किए, लेकिन अंकुरित ही नहीं हुए
  • अमरावती- यवतमाल में बूस्टर प्लांट जेनेटिक्स पर एफआईआर

Amravati News सोयाबीन बीजों के अंकुरण नहीं होने से हजारों किसानों को हुए नुकसान के बाद कृषि विभाग ने अमरावती संभाग में कार्रवाई की है। किसानों की शिकायतों, बीज नमूनों की जांच और प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर विभिन्न जिलों में पांच एफआईआर दर्ज कराई गई हैं। साथ ही 2600 क्विंटल सोयाबीन बीज, जिसकी अनुमानित कीमत 3 करोड़ 80 लाख रुपये है, उसकी बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।

कृषि विभाग के अनुसार अमरावती जिले में बूस्टर प्लांट जेनेटिक्स के खिलाफ एक, यवतमाल जिले में बूस्टर प्लांट जेनेटिक्स के खिलाफ एक, अकोला जिले में बूस्टर प्लांट जेनेटिक्स के खिलाफ दो व रवि सीड्स के खिलाफ एक और बुलढाणा जिले के खामगांव में यशोदा सीड्स कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कंपनियों पर किसानों को निम्न गुणवत्ता का बीज उपलब्ध कराने और भ्रामक दावे कर गुमराह करने के आरोप लगाए गए हैं।

जांच के दौरान बीज पैकेटों पर ‘मोस्ट ट्रस्टेड ब्रांड’, ‘बेस्ट क्वालिटी गारंटीड’ और ‘100 प्रतिशत संतुष्टि’ जैसे बड़े-बड़े दावे पाए गए। कृषि अधिकारियों का कहना है कि ऐसे दावे बीज नियमों के विपरीत हैं और किसानों को भ्रमित करने के लिए किए गए। प्रयोगशाला परीक्षण में कई नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे।जांच में सामने आईं गंभीर खामियां : कृषि विभाग की जांच में कई बीज नमूने निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। अधिकारियों का कहना है कि बीज उत्पादन, पैकिंग और विपणन की जिम्मेदारी संबंधित कंपनियों की होती है। ऐसे में गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर कंपनियों के खिलाफ अत्यावश्यक वस्तु अधिनियम, बीज अधिनियम, बीज नियम तथा भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

264 नमूने अप्रमाणित, बढ़ी चिंता: खरीफ 2026 के दौरान अमरावती संभाग के पांच जिलों से सोयाबीन बीजों के 2,427 नमूने लिए गए थे। इनमें से 789 नमूनों की जांच पूरी हो चुकी है, जिनमें 264 नमूने अप्रमाणित पाए गए हैं। अकोला में सबसे अधिक 143 नमूने फेल हुए हैं, जबकि बुलढाणा में 66, अमरावती में 32, वाशिम में 18 और यवतमाल में 5 नमूने अप्रमाणित पाए गए हैं। कृषि विभाग ने संकेत दिए हैं कि जांच के दायरे में आने वाली अन्य कंपनियों पर भी कार्रवाई की जा सकती है।

Created On :   16 July 2026 1:59 PM IST

Tags

Next Story