- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- अमरावती
- /
- सोने की चेन, हथियार और रीलों से...
Amravati News: सोने की चेन, हथियार और रीलों से फैला सोशल मीडिया पर गैंगस्टर ग्लैमर का जाल

Amravati News शहर के पश्चिमी क्षेत्र में बढ़ती गुंडागर्दी के पीछे सोशल मीडिया की भूमिका भी सामने आने लगी है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आपराधिक गतिविधियों में लिप्त बदमाश इंस्टाग्राम सहित विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने वीडियो, रील और फोटो पोस्ट कर युवाओं को प्रभावित कर रहे हैं। महंगी कारें, गले में मोटी सोने की चेन और दिखावटी शक्ति प्रदर्शन वाले वीडियो व रील के जरिए अपराध की झूठी चमक-दमक पेश की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बदमाश पहले युवाओं को आसानी से पैसा कमाने का लालच देकर अपने संपर्क में लाते हैं। इसके बाद उन्हें सट्टा, एमडी ड्रग्स जैसे अवैध धंधों में शामिल किया जाता है। कई मामलों में युवाओं को नशे की लत लगाकर बाद में ड्रग्स पैडलर के रूप में इस्तेमाल किए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
बिना वैध कारोबार करोड़ों की संपत्ति, आखिर संरक्षण किसका? : पश्चिमी क्षेत्र के मुस्लिम बहुल इलाकों में इन दिनों यह चर्चा जोरों पर है कि बिना किसी वैध कारोबार के कई लोग कुछ ही वर्षों में लाखों-करोड़ों रुपये की संपत्ति के मालिक बन बैठे हैं। आरोप हैं कि अवैध धंधों से अकूत संपत्ति खड़ी करने वाले ऐसे कई चेहरे खुलेआम सक्रिय हैं। यदि पुलिस इनकी आय के स्रोतों और अवैध कारोबार की निष्पक्ष जांच कर सख्त कार्रवाई करे, तो अपराध जगत की जड़ें हिल सकती हैं और कई बड़े नेटवर्क बेनकाब हो सकते हैं।
समाजसेवियों ने पुलिस को किया सतर्क : मुस्लिम बहुल क्षेत्रों के कुछ समाजसेवियों ने इस प्रवृत्ति को लेकर पुलिस से शिकायत की है। हाल ही में एक विधि विशेषज्ञ ने भी पुलिस के एक आला अधिकारी के समक्ष इस गंभीर मुद्दे को उठाते हुए सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं को अपराध की ओर धकेले जाने पर चिंता व्यक्त की।
निगरानी को मजबूत करेंगे : सिटी पुलिस की साइबर सेल सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रख रही है। पिछले छह महीनों में 127 विवादित पोस्ट हटाई गई हैं, जबकि पिछले 15 दिनों में ही 30 से 40 आपत्तिजनक पोस्ट हटाने की कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को और मजबूत किया जाएगा । अपराधियों और उनके डिजिटल नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। - राकेश ओला, पुलिस आयुक्त
Created On :   23 July 2026 12:02 PM IST















