Amravati News: नियमों का पालन होने पर ही प्रतिष्ठानों के लाइसेंस बहाल किए जाएंगे

नियमों का पालन होने पर ही प्रतिष्ठानों के लाइसेंस बहाल किए जाएंगे
एफडीए की जारी रहेगी कार्रवाई

Amravati News खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) के सहायक आयुक्त विनय चव्हाण ने पदभार संभालने के बाद चार महीनों में अमरावती शहर और जिले में खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन पर अभियान चलाया है। अस्वच्छता पाए जाने पर शहर के चार रेस्टोरेंट के लाइसेंस निलंबित किए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि निर्धारित सुधार किए जाने और पुनः निरीक्षण में मानकों का पालन पाए जाने के बाद ही संबंधित प्रतिष्ठानों के लाइसेंस बहाल किए जाएंगे।

फलों को कृत्रिम रूप से पकाने के लिए प्रतिबंधित कैल्शियम कार्बाइड के उपयोग की आशंका को देखते हुए विभिन्न स्थानों से फलों के नमूने लेकर जांच कराई गई। जांच में प्रतिबंधित रसायन का उपयोग नहीं मिला। वहीं विशेष अभियान के दौरान जिले में करीब तीन से साढ़े तीन करोड़ रुपये मूल्य का प्रतिबंधित गुटखा जब्त कर कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि पूरे अमरावती जिले में विभाग के पास फिलहाल केवल पांच खाद्य सुरक्षा निरीक्षक उपलब्ध हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद मिलावट, अस्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के खिलाफ लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है।

जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वालों की खैर नहीं : दैनिक भास्कर से विशेष बातचीत में एफडीए के सहायक आयुक्त विनय चव्हाण ने दो टूक कहा कि जनता के स्वास्थ्य और सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सभी होटल, रेस्टोरेंट, खाद्य प्रतिष्ठानों और खाद्य व्यवसायियों को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।


Created On :   21 July 2026 12:24 PM IST

Tags

Next Story