आफत: 31 मार्च तक बिल नहीं भरा तो काट देंगे मनपा के नलों के कनेक्शन, प्रशासन ने दी चेतावनी

31 मार्च तक बिल नहीं भरा तो काट देंगे मनपा के नलों के कनेक्शन, प्रशासन ने दी चेतावनी
  • ढाई साल से मनपा ने मजीप्रा के पानी का बिल नहीं भरा
  • गर्मियों में आम जनता के लिए पानी की बड़ी समस्या होसकती है निर्माण
  • अभय योजना का भी नहीं लिया लाभ

डिजिटल डेस्क, अमरावती। वसंत पंचमी के साथ ही फरवरी का आधा माह बीतने के साथ गर्मी ने दस्तक दे दी है। इसी के साथ महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण मार्च एंडिंग के काम में जुट गया है। उसने अमरावती महानगरपालिका को चेतावनी दी कि यदि 31 मार्च तक 135 करोड़ रुपए का बकाया बिल नहीं भरा तो कनेक्शन काट देंगे। बताया जा रहा है कि करीब ढाई साल से मनपा ने मजीप्रा के पानी का बिल नहीं भरा है। विशेष बात यह है कि मनपा के कई सार्वजनिक नल कनेक्शन हैं और यदि ऐसा होता है तो गर्मियों में भीषण संकट गहरा सकता है। जानकारी के अनुसार मनपा के अमरावती शहर में कई कार्यालय हैं। मनपा मुख्यालय और 5 जोन कार्यालय के अलावा भी शहर में कई कार्यालय मनपा की मालिकी में संचालित होते हैं। इसी के साथ शहर की प्रमुख जगहों पर मनपा सार्वजनिक नल लगे हुए हैं। यह नल आम जनता के लिए पानी पीने का बड़ा साधन है। किन्तु यदि नल कनेक्शन काट दिए जाते हैं तो गर्मियों में आम जनता के लिए पानी की बड समस्या खड़ी हो सकती है।

मनपा की आर्थिक स्थिति भी खराब : महानगरपालिका के पास आय का एकमात्र साधन संपत्तिकर है। मनपा ने पिछले दिनों ही संपत्तिकर बढ़ोत्तरी की थी किन्तु उसका जमकर विरोध हुआ। एक बार वापस लेने के बाद दोबारा से लागू किया गया लेकिन फिर भी लोगों ने कई गुना संपत्तिकर बढ़ाने का आरोप लगाया। इससे नाराज होकर कई लोगों ने संपत्तिकर नहीं भरा है। यही वजह है कि मनपा की आर्थिक स्थिति बहुत ही खराब है। ऐसे में 135 करोड़ रुपए मजीप्रा को देना मनपा के लिए आसान बात नहीं है।

अभय योजना का भी नहीं लिया लाभ : मजीप्रा ने बकायादारों के लिए तीन बार अभय योजना लाई थी। इस योजना के समय बिल का भुगतान करने पर बकायादार को बिल पर लगाए गए ब्याज का भुगतान नहीं करना पड़ता। किन्तु मनपा ने अभय योजना का लाभ नहीं लिया। विशेष बात यह है कि मनपा पर बिल 57 करोड़ रुपए है और उस पर ब्याज 78 करोड़ रुपए हो गया है।


Created On :   15 Feb 2024 9:51 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story