Chhatrapati Sambhajinagar: मोंढा में गुटखा माफिया पर एफडीए का बड़ा प्रहार, दो ठिकानों पर छापा

मोंढा में गुटखा माफिया पर एफडीए का बड़ा प्रहार, दो ठिकानों पर छापा
  • प्रतिबंधित गुटखा व तंबाकू उत्पादों का बड़ा जखीरा जब्त
  • संगठित नेटवर्क मिलने पर मकोका के तहत कार्रवाई के संकेत

Chhatrapati Sambhajinagar प्रतिबंधित गुटखा और तंबाकू उत्पादों के अवैध कारोबार के खिलाफ खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मंगलवार को मोंढा चौक क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान विभिन्न कंपनियों के प्रतिबंधित गुटखा, पान मसाला और अन्य तंबाकू उत्पादों का भारी जखीरा जब्त किया गया। देर रात तक जब्त सामग्री की गिनती, पंचनामा और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं जारी रहीं।

एफडीए को मोंढा चौक क्षेत्र में प्रतिबंधित गुटखे के भंडारण और अवैध बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस के सहयोग से संयुक्त अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान बरामद सामग्री को जब्त कर जांच शुरू कर दी गई। मामले में जिंसी और क्रांति चौक पुलिस थानों में प्रकरण दर्ज करने की प्रक्रिया देर रात तक जारी रही।

सूत्रों के अनुसार, जांच में यदि यह सामने आता है कि प्रतिबंधित गुटखे का कारोबार संगठित नेटवर्क के माध्यम से संचालित किया जा रहा था, तो संबंधित कारोबारियों के खिलाफ महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत भी कार्रवाई की जा सकती है। इससे गुटखा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

एफडीए अधिकारियों ने कहा कि महाराष्ट्र में प्रतिबंधित गुटखा एवं सुगंधित तंबाकू उत्पादों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध है। इसके बावजूद अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे नेटवर्क के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Created On :  

Tags

Next Story