- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- बीड
- /
- तालाब में मछली पकड़ते समय नाव पलटने...
Beed News: तालाब में मछली पकड़ते समय नाव पलटने से दो किशोरियों की दर्दनाक मौत

Beed News धारूर तहसील के हिंगणी गांव में शनिवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया। मछली व्यवसाय करने वाले परिवार की पांच लड़कियां तालाब पर तैरने गई थीं। इसी दौरान मछली पकड़ने वाली नाव पलट जाने से दो किशोरियों की पानी में डूबकर मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पलक शामराव पारवे (14) निवासी हिंगणी, दिव्या विकास कांबले (15) ,मोहिनी पारवे, तन्वी पारवे और जानवी पारवे (सभी निवासी कासारवाडी, तहसील परळी, जिला बीड) शनिवार सुबह हिंगणी गांव के तालाब पर गई थीं। वहां रखी मछली पकड़ने की नाव पर पलक, दिव्या और मोहिनी सवार हो गईं। नाव तालाब के बीच पहुंचते ही अचानक असंतुलित होकर पलट गई।
यह भी पढ़े -आवारा कुत्तों का आतंक, 6 वर्षीय मासूम पर टूट पड़ा झुंड, हमले में बच्चा घायल और सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
नाव पलटते ही तीनों लड़कियां पानी में डूबने लगीं। मोहिनी को तैरना आता था, लेकिन घबराई हुई पलक और दिव्या ने उसे कसकर पकड़ लिया, जिससे वह भी पानी में फंस गई। तालाब किनारे मौजूद अन्य लड़कियों ने शोर मचाकर ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया।
चीख-पुकार सुनते ही ग्रामीण तुरंत तालाब की ओर दौड़े और तीनों लड़कियों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। मोहिनी को कुछ देर बाद होश आ गया, जबकि पलक और दिव्या की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अंबाजोगाई स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस हृदयविदारक घटना के बाद हिंगणी गांव में शोक की लहर फैल गई है। पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।
Created On :   16 May 2026 6:27 PM IST












