बीड जिला: तीन दर्दनाक हादसे, डॉक्टर समेत पांच लोगों की मौत, मासूम की भी डूबने से गई जान

तीन दर्दनाक हादसे, डॉक्टर समेत पांच लोगों की मौत, मासूम की भी डूबने से गई जान
  • अंबाजोगाई में बड़ा हादसा, मेडिकल कॉलेज के विभाग प्रमुख की तालाब में डूबने से मौत
  • अज्ञात वाहन की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत
  • अधिकमास यात्रा में दर्दनाक हादसा, गोदावरी नदी में डूबने से बालक की मौत

Beed News. जिले के अंबाजोगाई शहर से मंगलवार सुबह एक बेहद दुखद घटना सामने आई। अंबाजोगाई स्थित स्वामी रामानंद तीर्थ ग्रामीण शासकीय वैद्यकीय महाविद्यालय के एनेस्थीसिया विभाग प्रमुख डॉ. अभिमन्यु तरकसे की काश्टी (कालवीट) तालाब में तैराकी के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे अंबाजोगाई शहर और चिकित्सा क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। जानकारी के अनुसार, अंबाजोगाई के समीप धावडी गांव के मूल निवासी डॉ. तरकसे पिछले कई वर्षों से स्वास्थ्य बनाए रखने के लिए रोजाना काश्टी साठवण तालाब में तैरने जाया करते थे। मंगलवार सुबह भी वे रोज की तरह अकेले तैरने पहुंचे थे। सुरक्षा के तौर पर उन्होंने कमर में बिसलरी की खाली बोतल बांध रखी थी। कुछ समय बाद तालाब के सांडवे की ओर तैर रहे लोगों को पानी में एक शव दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर मृतक की पहचान डॉ. अभिमन्यु तरकसे के रूप में हुई। सूचना मिलते ही मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर, कर्मचारी और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए। डॉ. तरकसे ने बेहद प्रतिकूल परिस्थितियों में अपनी प्रारंभिक और उच्च माध्यमिक शिक्षा पूरी की थी। संघर्षपूर्ण जीवन के बावजूद उन्होंने शालांत और उच्च माध्यमिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट सफलता हासिल की। इसके बाद उन्होंने अंबाजोगाई के मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की तथा एनेस्थीसिया विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन भी इसी संस्थान से किया। जूनियर रेसिडेंट के रूप में करियर की शुरुआत करने वाले डॉ. तरकसे ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर एनेस्थीसिया विभाग प्रमुख का पद प्राप्त किया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस के अनुसार, डॉ. तरकसे की मौत तैराकी के दौरान हार्ट अटैक आने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। एक मिलनसार, कुशल और अनुभवी चिकित्सक के आकस्मिक निधन से पूरे वैद्यकीय क्षेत्र में गहरा शोक व्यक्त किया जा रहा है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से दो सगे भाइयों की मौत

उधर पाथरी-ढालेगांव राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में माजलगांव तहसील के रेणापुरी गांव के दो सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतकों की पहचान रविंद्र शिवाजी घडसिंगे (27) और विशाल शिवाजी घडसिंगे (24), निवासी रेणापुरी, तहसील माजलगांव, जिला बीड के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों भाई बाइक क्रमांक एमएच 44 एबी 2626 से जा रहे थे। इसी दौरान ढालेगांव-पाथरी मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि दोनों भाइयों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिक मौके पर पहुंचे। मंगलवार को दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार रेणापुरी गांव में किया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर मामले की जांच कर रही है।

अधिकमास यात्रा में दर्दनाक हादसा, गोदावरी नदी में डूबने से बालक की मौत

उधर अधिकमास यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं से खचाखच भरे पुरुषोत्तम पुरी में मंगलवार सुबह एक हृदयविदारक घटना घटी। चिवड़ा और पेढ़े बेचकर परिवार की आर्थिक मदद करने वाले 13 वर्षीय आकाश लक्ष्मण म्हेत्रे की गोदावरी नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। मृतक आकाश माजलगांव के पाटील गली क्षेत्र का निवासी था और अपने परिवार के साथ अधिकमास यात्रा के लिए पुरुषोत्तम पुरी आया हुआ था। यात्रा के दौरान वह चिवड़ा और पेढ़े बेचकर परिवार के पालन-पोषण में सहयोग कर रहा था। मंगलवार सुबह वह नदी में स्नान करने गया था। इसी दौरान पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं ने उसकी तलाश शुरू की। काफी देर बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकमास यात्रा में भारी भीड़ होने के बावजूद नदी किनारे पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने का आरोप नागरिकों ने लगाया है। लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा के लिए सुरक्षाकर्मी, चेतावनी बोर्ड और अन्य आवश्यक इंतजाम नहीं किए गए थे। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले की जांच पुलिस कर रही है।

Created On :   19 May 2026 7:28 PM IST

Tags

Next Story