Bhandara News: वन्यजीव संरक्षण के लिए एंटी-स्नेयर और एंटी-इलेक्ट्रोक्यूशन अभियान

वन्यजीव संरक्षण के लिए एंटी-स्नेयर और एंटी-इलेक्ट्रोक्यूशन अभियान
अडयाल वन परिक्षेत्र में वन विभाग और ‘सीट’ संस्था लगा रही गश्त

‌Bhandara News वन्यजीवों के शिकार पर रोक लगाने और बिजली के करंट से होने वाली मौतों को रोकने के उद्देश्य से अड्याल वन क्षेत्र में विशेष खोज अभियान चलाया गया। 17 जनवरी से सहवन क्षेत्र माडगी (पूर्व) के अंतर्गत आने वाले पुरकाबोडी 1, 2 और चालना - 1 नियत क्षेत्रों में ‘एंटी-स्नेयर’ और ‘एंटी-इलेक्ट्रोक्यूशन’ ड्राइव चलाकर संयुक्त गश्त की गई। इस अभियान में वन विभाग के कर्मचारियों के साथ सीट सामाजिक संस्था के प्रतिनिधियों ने सक्रिय सहभाग दिया।

गश्त के दौरान जंगल से सटे खेतों में गहन निरीक्षण किया गया। शिकार के लिए कई बार खेतों की बाड़ में अवैध रूप से बिजली प्रवाहित की जाती है। इसे ध्यान में रखते हुए बिजली लाइनों की बारीकी से जांच की गई। साथ ही जंगल में वन्यजीवों के आवागमन के मार्ग और जलस्रोतों का भी निरीक्षण किया गया। शिकार रोकने के लिए लगाए जाने वाले लोहे के फंदे या अन्य जालों की तलाश इस गश्त का मुख्य उद्देश्य था। इस अभियान में प्रशिक्षणार्थी वन परिक्षेत्र अधिकारी बगडे मैडम के नेतृत्व में माडगी (पूर्व) सहवन क्षेत्र के सभी वनकर्मी और वन मजदूर शामिल हुए। सीट भंडारा संस्था के प्रतिनिधि शाहिद खान, निलेश रंगारी, परवेज खान और मझर खान ने वन विभाग को तकनीकी और शारीरिक सहयोग प्रदान किया।

जंगल में पालतू पशुओं के चराई क्षेत्रों और वन्यजीवों के आवास को सुरक्षित रखने के लिए इस प्रकार की गश्त नियमित रूप से आयोजित की जाएगी। शिकार निषेधक दलों ने क्षेत्र के नागरिकों से भी वन्यजीव संरक्षण में सहयोग करने का आह्वान किया है।


Created On :   20 Jan 2026 4:04 PM IST

Tags

Next Story