MP News: मप्र में चुनाव से पहले शुरु होंगे 22 नए मेडिकल कॉलेज, बढ़ेंगीं 12 हजार सीटें

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मप्र में 2028 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले 22 नए मेडिकल कॉलेज शुरु हो जाएंगे। इनके शुरु होने से प्रदेश में लगभग 12 हजार सीटें बढ़ेंगीं। मौजूदा 34 मेडिकल कॉलेजों में 6050 सीटें हैं। नए कॉलेज शुरु होने से प्रदेश के छात्रों को एमबीबीएस में एडमिशन के अवसर भी बढ़ जाएंगे। शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसकी समीक्षा की।
उन्होंने संचालक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अरूणा कुमार और लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अिधकारी, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई और रश्मि अरूण शमी अधिकारियों को कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेज और एमबीबीएस सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए तेजी से काम करें। पीपीपी मॉडल अन्तर्गत बनने वाले बैतूल, कटनी, धार और पन्ना के मेडिकल कॉलेज निर्माण चल रहा है, इसकी मॉनीटरिंग के भी निर्देश दिए। इन चारों मेडिकल कॉलेजों का संचालन समय-सीमा में पूरा करना है। निर्देश दिए कि मुरैना, गुना, भिंड, टीकमगढ़, अशोकनगर, बालाघाट, सीधी, खरगोन, शाजापुर, रायसेन और झाबुआ में पीपीपी मॉडल के तहत बनने वाले सभी 11 मेडिकल कॉलेजों के लिए नवीन टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी करें। समीक्षा बैठक में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल भी मौजूद रहे।
प्रदेश में हो जाएंगे 56 कॉलेज, 18050 सीटें
वर्तमान में मप्र में 20 सरकारी और 14 प्राइवेट मेडिकल कॉलेज हैं। इनमें 6050 एमबीबीएस सीट है। अगले 2 साल में 6 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज खुलेंगे। इनमें से छतरपुर, दमोह और सीहोर बुधनी के कॉलेजों के भवनों का निर्माण पूरा हो चुका है। उज्जैन, राजगढ़ और मंडला के कॉलेजों के भवनों का काम चल रहा है। साथ ही बैतूल, कटनी, धार और पन्ना में पीपीपी मॉडल पर मेडिकल कॉलेज चलाए जाएंगे। इसके लिए एग्रीमेंट कर लिया गया है।
मुरैना, गुना, भिंड, टीकमगढ़, अशोक नगर, बालाघाट, सीधी, खरगोन, शाजापुर, रायसेन और झाबुआ सहित कुल 11 जिलों में पीपीपी मॉडल के तहत कॉलेज खोले जाना है। 22 नए मेडिकल कॉलेज शुरु करने का लक्ष्य दो साल रखा है। अगले दो साल में प्रदेश में 56 मेडिकल कॉलेज (निजी-सरकारी दोनों) हो जाएंगे, जिनमें कुल 18050 एमबीबीएस सीटें हो जाएगी।
Created On :  
