MP News: प्रदेश में डेयरी प्रोडक्ट एनालॉग के बनाने, वितरण और बेचने पर स्वास्थ्य विभाग ने भी लगाया प्रतिबंध

प्रदेश में डेयरी प्रोडक्ट एनालॉग के बनाने, वितरण और बेचने पर स्वास्थ्य विभाग ने भी लगाया प्रतिबंध

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। मप्र लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने भी प्रदेश में डेयरी उत्पाद एनालॉग के विनिर्माण, भण्डारण, विक्रय, परिवहन, आपूर्ति एवं उपयोग पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक एक्ट 2006 के तहत प्रतिबंध लगा दिया है। यह प्रतिबंध इन उत्पादों पर लागू होगा, जो वास्तविक दुग्ध उत्पाद नहीं हैं, जिनमें दूध के स्थान पर वनस्पति वसा, वनस्पति तेल अथवा अन्य गैर दुग्ध अवयवों का उपयोग किया गया है, जिनकी लेबलिंग, पैकेजिंग, प्रदर्शन अथवा विक्रय का तरीका उपभोक्ता को भ्रमित करता हो।

यह प्रतिबंध एक साल के लिये लगाया गया है। फ्रोजन डेजर्ट, प्रोसेस्ड चीज तथा मिक्स्ड फैट सप्रेड जैसे मानकीकृत उत्पाद पर नहीं लगेगा। लेकिन ऐसे सभी एनालॉग अथवा गैर दुग्ध खाद्य उत्पाद जो किसी दुग्ध उत्पाद विशेषकर पनीर, क्रीम, मक्खन, मावा अथवा दुग्ध उत्पाद की नकल करते हों अथवा उपभोक्ता को वास्तविक दुग्ध उत्पाद होने का आभास कराते हों, पर प्रतिबंध रहेगा। राज्य के खाद्य सुरक्षा प्रशासन आयुक्त ने भी इस संबंध में 12 अगस्त 2026 को विस्तृत प्रतिषेधात्मक आदेश जारी किया था तथा अब राज्य के संबंधित सभी प्राधिकारियों एवं खाद्य कारोबार संचालकों को इन दोनों आदेशों का पालन करना होगा।

नियंत्रक खाद्य कर सकेंगे प्रशमन

इधर स्वास्थ्य विभाग ने औषधि और प्रसाधन अपराधों का शमन नियम 2025 के तहत प्रदेश के नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन को शमन प्राधिकारी के रुप में नियुक्त किया है, जो समझौता शुल्क लेकर ऐसे अपराधों का शमन कर सकेगा। उल्लेखनीय है कि औषधि में इंसानी और पशुओं के इलाज वाली दवाएं, वैक्सीन (टीके), सीरा, टॉक्सिन और जीवित या मृत सूक्ष्मजीवों से बने अन्य उत्पाद, चिकित्सा उपकरण एवं आयुष दवाएं आती हैं जबकि प्रसाधन सामग्री में सौंदर्य प्रसाधन जैसे क्रीम और लोशन, मॉइस्चराइजऱ, फेयरनेस या स्किन क्रीम, बॉडी लोशन, शैंपू, हेयर ऑयल, हेयर डाई, कंडीशनर, फेस पाउडर, लिपस्टिक, काजल, नेल पॉलिश, परफ्यूम, डियोडरेंट, शेविंग क्रीम, दाढ़ी बनाने का साबुन आते हैं।

Created On :  

Tags

Next Story