MP News: भोपाल की दवा फर्म से 5 लाख रिश्वत लेते केंद्रीय उपक्रम के एमडी को सीबीआई ने गिरफ्तार किया

भोपाल की दवा फर्म से 5 लाख रिश्वत लेते केंद्रीय उपक्रम के एमडी को सीबीआई ने गिरफ्तार किया

डिजिटल डेस्क, भोपाल। सीबीआई भोपाल ने केंद्रीय सरकार के सार्वजनिक उपक्रम कर्नाटक एंटीबायोटिक्स एंड फार्मास्युटिकल्स लिमिटेड (केएपीएल), बेंगलुरु के प्रबंध निदेशक अनुराग दनायक को नोयडा में 5 लाख रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रबंध निदेशक ने भोपाल स्थित एक फर्म मेसर्स फर्मा केयर 67-ए नर्मदा केम्पस दुर्गेश विहार जेके रोड भोपाल, जो केएपीएल की एक अधिकृत सेवा एजेंट है और मप्र राज्य में सरकारी संस्थानों को दवाओं की आपूर्ति करती है, से लगभग 15 लाख रुपये के अनुचित लाभ की मांग की थी।

इसकी शिकायत फर्म के हर्ष कौशिक ने सीबीआई से की थी। रिश्वत की यह राशि चालू वित्तीय वर्ष के लिए फर्म के सर्विस एजेंट एग्रीमेंट के नवीकरण और फर्म को अन्य संस्थानों को सौंपने संबंधी लंबित आवेदन को मंजूरी देने तथा वर्तमान वर्ष में दवाओं की बिक्री से फर्म को प्राप्त कमीशन में से हिस्से के रुप में मांगी गई थी। आरोपी प्रबंध निदेशक को मांगी गई 15 लाख रुपये की रिश्वत राशि के आंशिक भुगतान के रुप में 5 लाख रुपये का अनुचित लाभ लेते हुए नोएडा में रंगे हाथों पकड़ा गया।

आरोपी के बेंगलुरु, नोएडा और मप्र के जबलपुर स्थित आवासीय एवं कार्यालय परिसरों की तलाशी ली गई। उसके नोएडा स्थित आवास और बेंगलुरु स्थित कार्यालय कक्ष से लगभग 75 लाख रुपये नकद और 4 लाख रुपये मूल्य की विदेशी मुद्रा जब्त की गई, इसके अतिरिक्त लगभग 86 लाख रुपये मूल्य के 697 ग्राम सोने के आभूषण/सिक्के और आरोपी के आवासीय फ्लैट के संपत्ति दस्तावेज भी जब्त किए गए। इस मामले में जांच जारी है।

Created On :   18 July 2026 1:31 AM IST

Tags

Next Story