- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- अग्निवीर भर्ती रैली 28 जुलाई से 8...
MP News: अग्निवीर भर्ती रैली 28 जुलाई से 8 अगस्त तक, 15 जिलों के अभ्यर्थी होंगे शामिल

डिजिटल डेस्क, भोपाल। सेना भर्ती कार्यालय, भोपाल द्वारा अग्निवीर भर्ती रैली 28 जुलाई से 8 अगस्त तक अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, भोपाल में होगी। इसमें भोपाल, सीहोर, रायसेन, विदिशा, राजगढ़, अशोकनगर, गुना, नर्मदापुरम, हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, दमोह और पन्ना के अभ्यर्थी अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर तकनीकी एवं अग्निवीर ट्रेड्समैन श्रेणियों में भाग लेंगे। इसके अतिरिक्त मप्र और छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के अभ्यर्थियों के लिए धर्म गुरु एवं एजुकेशन हवलदार श्रेणी की भर्ती भी की जाएगी।
भर्ती रैली को लेकर गुरुवार को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने सेना भर्ती कार्यालय (एआरओ), जिला प्रशासन व खेल और युवा कल्याण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा की। इसमें भर्ती रैली के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री सारंग ने कहा कि रैली में प्रदेश के 15 जिलों के साथ छत्तीसगढ़ से भी अभ्यर्थी भोपाल पहुंचेंगे। ऐसे में यातायात, सुरक्षा, पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता एवं अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास एवं संयुक्त निरीक्षण समय रहते कर लिया जाए ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा उत्पन्न नहीं हो।
Created On :   18 July 2026 12:55 AM IST












