- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- आंगनबाड़ियों को गोद लेंगी...
MP News: आंगनबाड़ियों को गोद लेंगी यूनिवर्सिटी-कॉलेज, उच्च शिक्षा विभाग ने दिए निर्देश

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनवाड़ी केंद्रों को चलाने के लिए उच्च शिक्षा विभाग को आयुक्त को पत्र लिखा है। जिसमें 5वीं एनसीसीएस के निर्देश का हवाला देते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों में सामुदायिक स्वामित्व को मजबूत करने के लिए केंद्रों को गोद लेने का अनुरोध किया है। महिला एवं बाल विकास के इस पत्र पर उच्च शिक्षा विभाग ने सभी यूनिवर्सिटी को निर्देश पर कार्यवाही करने के लिए कहा है।
यूनिवर्सिटी और कॉलेज उनके क्षेत्र की आंगनबाड़ियों को गोद लेने के निर्देश दिए गए हैं। दरअसल यूनिवर्सिटी ग्रांट्स कमीशन (यूजीसी) ने यूनिवर्सिटी और कॉलेजों से कहा है कि वे हर एक संस्थान 5 से 6 आंगनवाड़ी केंद्रों को गोद लें। उन्हें एकेडमिक सपोर्ट दें। इस मामले पर मुख्य सचिवों के पांचवें राष्ट्रीय सम्मेलन में चर्चा हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में शुरुआती बचपन की देखभाल और शिक्षा , स्कूल और उच्च शिक्षा और स्किलिंग पर चर्चा की गई थी।
इसी कॉन्फ्रेंस की एक्शन टेकन रिपोर्ट और बाल्यावस्था देखभाल शिक्षा के लक्ष्यों का हवाला देते हुए महिला बाल विकास विभाग ने यह पत्र लिखा है। आंगनवाड़ियों में एजुकेशन, सोशल वर्क, न्यूट्रिशन, पब्लिक हेल्थ, चाइल्ड डेवलपमेंट, साइकोलॉजी और सोशल वेलफेयर जैसे विषयों से जुड़े छात्रों के फील्ड वर्क, इंटर्नशिप जैसे कार्यक्रम जोड़ने होंगे।
उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार अब सभी सरकारी-निजी विश्वविद्यालय और कॉलेज अपने-अपने क्षेत्रों की आंगनबाड़ियों को गोद ले सकेंगे। उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पहले भी वो आंगनवाड़ियों में सहायता करते रहे हैं। एनसीसी या अन्य सामाजिक सहायता आंगनवाड़ियों में की गई है।
Created On :   18 July 2026 1:58 AM IST












