- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- भोपाल पश्चिमी बायपास का शिलान्यास...
MP News: भोपाल पश्चिमी बायपास का शिलान्यास और डेयरी प्लांट, लैब की देंगे सौगात

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर, शनिवार को भोपाल आएंगे। इस दौरान वे कई सौगातें देंगे। वे भेापाल के भेल दशहरा मैदान में राज्य स्तरीय गोपालक सम्मेलन में भाग लेंगे। सम्मेलन स्थल पर केंद्रीय मंत्री शाह, न्याय संहिता पर केंद्रित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन भी करेंगे। शाह भोपाल बायपास भौंरी के पास आईआईएसईआर (अत्रि) परिसर का शिलान्यास भी करेंगे। स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा। शनिवार शाम को केंद्रीय गृह मंत्री शाह नई दिल्ली वापसी करेंगे। प्रस्तावित दौरे के अनुसार भोपाल के पश्चिमी बायपास का भूमि पूजन भी मंत्री शाह करेंगे।
वह प्रदेश में दुग्ध संयंत्र, डेयरी प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच लैब की विभिन्न सौगात देंगे। इन परियोजनाओं में उज्जैन में 255 करोड़ रुपए की लागत का डेयरी प्लांट और भोपाल में फार्मेटेड प्रोडक्ट दूध प्लांट भी शामिल है। वे भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ पशुपालकों को बोनस वितरण, गौशालाओं की सहायता के लिए राशि भी देंगे। गोपालक दीदीयों के सम्मान और उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र वितरित करेंगे।
केंद्रीय मंत्री शाह को प्रदेश में कृषक कल्याण वर्ष के अंतर्गत सम्पन्न गतिविधियों और बलराम कृषि महोत्सव के अभिनव आयोजन की जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम में गृह विभाग, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, सहकारिता विभाग, लोक निर्माण विभाग, परिवहन विभाग के कार्यों के प्रेजेंटेशन भी होंगे। कार्यक्रम में भोपाल, सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन नर्मदापुरम जिलों के साथ प्रदेश के 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्यों की भागीदारी रहेगी।
भोपाल को मिलेगा 40 हजार लीटर प्रोसेस क्षमता वाला प्लांट
मप्र में दुग्ध प्रसंस्करण एवं मूल्यवर्धित दुग्ध उत्पादों के उत्पादन को नई गति देने के लिए भोपाल सहकारी दुग्ध संघ परिसर में तैयार किए गए फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी प्लांट का शुभारंभ किया जाएगा। केंद्रीय गृह शाह इसका शुभारंभ करेंगे। भारत सरकार के 6 करोड़ रूपये के अनुदान और भोपाल सहकारी दुग्ध संघ के 10.80 करोड़ रूपये के अंशदान से तैयार इस परियोजना की कुल लागत 16.80 करोड़ रूपये है। संयंत्र की दूध प्रसंस्करण क्षमता 40 हजार लीटर प्रतिदिन है। फर्मेंटेड प्रोडक्ट डेयरी में आधुनिक मशीनरी एवं तकनीक के माध्यम से विभिन्न मूल्यवर्धित दुग्ध उत्पाद तैयार किए जाएंगे।
परियोजना के अनुसार यहां प्रतिदिन 10 हजार लीटर दूध, 10 हजार लीटर दही और 30 हजार लीटर छाछ के उत्पादन की क्षमता होगी। इसके अलावा प्रतिदिन 1 हजार लीटर लस्सी, 800 किलोग्राम श्रीखंड और 1 हजार किलोग्राम मावा तैयार किया जा सकेगा। इस संयंत्र के माध्यम से दूध से बनने वाले विभिन्न उत्पादों के उत्पादन को आधुनिक एवं व्यवस्थित प्रसंस्करण व्यवस्था से जोड़ा जाएगा। इससे सांची के मूल्यवर्धित दुग्ध उत्पादों की उत्पादन क्षमता और विविधता को बढ़ाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने अिधकारियों की ली बैठक
मंत्री शाह के दौरे को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंत्रालय में अिधकारियों की बैठकें ली। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस द्वारा कलेक्टर कमिश्नर भोपाल और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक तैयारियों के निर्देश दिए। अतिथियों और नागरिकों के लिए बैठक व्यवस्था, पेयजल, स्वच्छता और अन्य व्यवस्था सुनिश्चित करें।
Created On :   2 Oct 2026 12:32 AM IST












