- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- भोपाल में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की...
MP News: भोपाल में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की गला रेतकर हत्या, तीन दिन पहले रखे केयर टेकर पर शक

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। भोपाल में रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल (1982 बैच) की बुधवार सुबह सूरज नगर स्थित घर में हत्या कर दी गई। रातीबड़ पुलिस की शुरुआती जांच में 3 दिन पहले रखे केयर टेकर वरुण कुमार पर शक है। केयर टेकर वरुण को हाल ही में नौकर रखा था, जिसे दिवंगत अग्रवाल के बंगले पर पर रहने को जगह दी गई थी। घटना के बाद से वरुण सामान के साथ गायब है। उसे दिवंगत राकेश अग्रवाल की देखभाल के लिए रखा गया था। मृतक अग्रवाल ने वरुण को भोपाल की वर्मा सर्विस एजेंसी के जरिए हायर किया था।
एसीपी अंकिता खातरकर ने बताया कि मृतक अग्रवाल की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या की गई है। फिलहाल केयर टेकर वरुण कुमार की तलाश की जा रही। वह पंजाब के पटियाला का रहने वाला है। 5 दिन पहले ही वह जॉब के लिए भोपाल आया था। तीन दिन पहले 27 सितंबर को वह केयरटेकर के तौर पर अग्रवाल के घर पहुंचा था। वरुण के पास कोई मोबाइल फोन नहीं था। उसकी पूरी जानकारी निकाली जा रही है। फिलहाल उसकी तलाश की जा रही है। वरुण के मिलने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। एसीपी ने अंकिता खातरकर ने बताया कि घर से सामान नहीं गया है। हालांकि उन्होंने कहा कि अलमारी खुली हुई मिली थी।
राकेश अग्रवाल की पत्नी निशी अग्रवाल के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 5:30 बजे वो मॉर्निंग वॉक के लिए निकल रही थी। वह ऊपर वाले कमरे में रहती है। जब वह टहलने के लिए निकली तो राकेश का मेन डोर बाहर से बंद मिला। उन्होंने घर के अन्य कर्मचारी अमर थापा को फोन किया। दरवाजा खोलने पर राकेश का शव कमरे में जमीन पर पड़ा मिला। अलमारी टूटी हुई थी। उन्होंने आसपास के लोगों और घर के नौकरों को जानकारी दी। पुलिस को सूचना दी गई।
नौकर थापा के अनुसार घर पहुंचने पर किचन में गैस सिलेंडर का पाइप निकला हुआ था, जिससे पूरे घर में गैस भर गई थी, जिसे उसने ठीक किया। अब पुलिस चौराहों और घरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस के मुताबिक हत्या 12 बजे से 2 बजे के बीच हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वरुण की तलाश की जा रही। पुलिस को वरुण की आखिरी लोकेशन कुरवाई-बीना रोड मिली है।
एजेंसी से हायर किया था केयर टेकर
पुलिस के मुताबिक वरुण कुमार को वर्मा एजेंसी सर्विसेस के माध्यम से घर पर केयर टेकर के तौर पर रखा गया था। लेकिन एजेंसी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लापता वरुण कुमार की ज्यादा जानकारी नहीं निकल पाई है। पुलिस यह जांच कर रही है कि उसका पुलिस वेरिफिकेशन हुआ था या नहीं। एजेंसी से भी संपर्क किया जा रहा। जानकारी के मुताबिक राकेश अग्रवाल और निशी अग्रवाल का बेटा अमेरिका में रहता है। राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी के साथ सूरज नगर स्थित घर में रहते हैं। राकेश अग्रवाल कई प्रशासनिक पदों पर रह चुके हैं। वे 1956 बैच के अधिकारी हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अग्रवाल के निधन पर दुख जताया। कहा कि दिवंगत अग्रवाल मप्र कैडर के विनम्र, कर्मठ और सर्वप्रिय अधिकारी रहे। चित्रकला में भी वे प्रतिभावान थे। उन्होंने कहा कि घटना के संबंध में दोषियों को चिन्हित कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। डीजीपी कैलाश मकवाणा को निगरानी के लिए निर्देशित कर दिया है। किसी भी दोषी व्यक्ति को छोड़ा नहीं जाएगा।
विपक्ष ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने घटना को लेकर प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। सिंघार ने कहा भोपाल में अग्रवाल की उनके घर में हत्या ने मप्र की कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। भाजपा सरकार में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। भोपाल में भी लोग सुरक्षित नहीं हैं। जब राजधानी में एक अधिकारी अपने घर में सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा।
Created On :   2 Oct 2026 12:17 AM IST












