- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- भोपाल के न्यू मार्केट में...
MP News: भोपाल के न्यू मार्केट में छोला-भटूरा दुकान में भीषण आग, जान बचाने कूदे लोग, आस-पास की दुकानें भी आई चपेट में

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। भोपाल के व्यस्त इलाके न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर बालाजी छोले-भटूरे की दुकान में सिलेंडर ब्लास्ट होने से भयानक आग लग गई। आग की चपेट में आसपास की दुकानें भी आ गईं। त्योहारी सीजन की वजह से दुकानों में माल भरा हुआ था। बताया गया कि आग लगने से 1 करोड़ से ज्यादा का नुकसान हुआ है। जानकारी के मुताबिक आग सिलेंडर के ब्लास्ट होने के कारण लगी। आग इतनी तेज थी कि लपटें करीब 25 फीट तक ऊपर उठीं।
आग लगने से कई किलोमीटर दूर तक आग का धुआं दिखाई दिया। जिस वक्त न्यू मार्केट में आग लगी थी वहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी करने आए थे। आग की चपेट में आसपास की दुकान के साथ एक दर्जन रेहड़ी पटरी वालों की दुकानें भी आईं। जहां आग लगी थी उसके साथ लगी हुई कपड़े, मोबाइल और बर्तन की दुकान भी थी। जिससे दुकान में रखा सामान जल गया। सूचना मिलने के आधे घंटे बाद दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। जहां करीब तीन घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के लिए बगल की दीवारें भी तोड़ी।
कैसे लगी आग
दुकानदारों के मुताबिक बालाजी छोले भटूरे की दुकान की भट्टी से आग लगना शुरू हुई थी। गैस सिलेंडर में ब्लास्ट की वजह से आग बढ़ गई। जिसके बाद नगर निगम को कॉल कर आग लगने की सूचना दी गई। करीब 3 से चार दमकल की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने वाली दुकान के ऊपर भी आम्रपाली रेस्टोरेंट है। जहां अंदर बैठे हुए लोगों ने आग से जान बचाने के लिए पहली मंजिल से छलांग लगाई। जिससे उनको चोटें भी आई हैं। गनीमत रही कि पास ही में बने मंदिर तक आग नहीं पहुंची नहीं तो ये बड़ा हादसा हो सकता था।
अतिक्रमण की वजह से दमकल की गाड़ियों को अंदर पहुंचने में लगा समय
न्यू मार्केट में अतिक्रमण के चलते भारी जाम लगा रहता है। जिसकी वजह से दमकल की गाड़ियों को अंदर आने में परेशानी का सामना करना पड़ा। मार्केट के व्यापारियों ने अतिक्रमण का विरोध जताया। आग की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे स्थानीय विधायक भगवानदास सबनानी ने कहा जल्द ही अतिक्रमण को हटाया जाएगा। वहीं पार्किंग की मल्टी स्टोरी सुविधा होने के बाद भी मेन सड़क पर चार पहिया वाहनों की पार्किंग कराई जा रही। कई बार पार्किंग की वजह से भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।
Created On :   10 Oct 2026 12:24 AM IST












