- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- नवरात्र में आयेगा नया स्टेट प्लेन,...
MP News: नवरात्र में आयेगा नया स्टेट प्लेन, बीमा कराया जायेगा

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। राज्य सरकार का नया स्टेट प्लेन अत्याधुनिक चैलेंजर 3500 जेट विमान जोकि कनाडा की कंपनी बॉम्बार्डियर द्वारा बनाया गया है, अगले सप्ताह नवरात्र में नई दिल्ली आयेगा और वहां से कस्टम क्लीयरेंस के बाद भोपाल विमानतल पर आ जायेगा। इसका बीमा कराया जायेगा जिसके लिये विमानन विभाग द्वारा बीमा कंपनियों से दरें बुलाने की कार्यवाही की गई है। बीमा 268 करोड़ रुपये का होगा जिसमें विमान के अलावा यात्री एवं सामान भी कवर रहेगा।
21 अक्टूबर 26 तक बीमा कंपनियों को अपनी दरें देने होंगी। करीब 2 करोड़ रुपये से अधिक बीमा प्रीमीयम के रुप में दिये जा सकते हैं। उल्लेखनीय है कि मप्र सरकार द्वारा पूर्व में अमेरिका की ट्रेक्सट्रान एविएशन कंपनी से करीब 65 करोड़ रुपये में वर्ष 2020 में खरीदा गया ‘‘बीचक्राफ्ट किंग एयर एसकेए बी250 वीटी एमपीक्यु’’ स्टेट प्लेन 6 मई 2021 को ग्वालियर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था तथा इसका बीमा नहीं था।
दुर्घटना के बाद विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसे यथा स्थिति में बेचने के लिये मात्र छह करोड़ रुपये आफसेट प्राईज रखकर टेण्डर भी जारी किया गया था परन्तु इस अनुपयोगी एवं पूरी तरह क्षतिग्रस्त प्लेन को खरीदने हेतु कोई खरीददार सामने नहीं आया है। इसलिये अब कोई जोखिम नहीं उठाते हुये नये स्टेट प्लेन का बीमा कराया जा रहा है।
Created On :   10 Oct 2026 12:35 AM IST












