- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- शिक्षकों की भूख हड़ताल खत्म,...
MP News: शिक्षकों की भूख हड़ताल खत्म, कांग्रेस ने कहा - 'सरकार से लड़ने के लिए जीवित रहना जरूरी'

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल में बीते 18 दिनों से शिक्षक भर्ती वर्ग-2 और 3 में पद वृद्धि की मांगों को लेकर डीपीआई के बाहर चल रही शिक्षकों की भूख हड़ताल गुरुवार को खत्म हो गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आंदोलन कर रहे युवाओं से मुलाकात की। हड़तालियों को नारियल पानी पिलाकर हड़ताल खत्म करवाई। पटवारी ने कहा कि निर्दयी सरकार से लड़ने के लिए जीवित रहना जरूरी है। हड़ताल को 18 दिन हो गए, लेकिन राज्य सरकार ने सुध नहीं ली। पटवारी, गुरुवार को हड़ताल कर रहे नरेंद्र राजपूत से मिलने पहुंचे। उन्हें समझाया और नारियल पानी पीलाकर हड़ताल खत्म करवाई।
यह भी पढ़े -OBC आरक्षण पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, नहीं मिलेगा 27% रिजर्वेशन, 13 फीसदी पदों पर होगी अनारक्षित वर्ग की नियुक्ति
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी उनकी मांगों को विधानसभा सत्र के दौरान सदन में उठाएगी। पटवारी ने सरकार से बड़े मन और उदारता के साथ न्यायसंगत निर्णय लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि आंदोलन कर रहे युवा प्रदेश के परिवार के लोग हैं। पटवारी के मुताबिक, प्रदेश में शिक्षकों के तीन लाख पद खाली हैं और पद वृद्धि करने से कोई फर्क नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सरकार हेलिकॉप्टर, हवाई जहाज और दूसरे कामों के लिए कर्ज ले रही है तो शिक्षकों के पद बढ़ाने के लिए भी कर्ज ले सकती है।
यह भी पढ़े -मध्य भारत के स्टार्टअप्स को मिलेगा निवेशकों के सामने पहुंचने का मंच, एआईसी-आरएनटीयू में ड्रीम स्टार्ट-अप चैलेंज का 9वां संस्करण
मप्र कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि सरकार बजट की दुहाई देती है, जबकि प्रदेश में 25 साल से भाजपा की सरकार है। उन्होंने कहा कि सरकार कर्ज लेकर व्यवस्थाएं चला रही है, ऐसे में इस काम के लिए बजट बढ़ता है तो इसमें बुराई नहीं है। पटवारी ने हड़ताल कर रहे शिक्षकों से कहा कि राहुल गांधी ने छात्रों का दर्द समझा है, इसलिए उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री को पत्र भी लिखकर पद वृद्धि की मांग की है। पटवारी ने शिक्षक अभ्यर्थियों से कहा कि अपने अधिकार और रोजगार की मांग को लेकर सड़कों पर हैं, लेकिन राज्य सरकार सुनने को तैयार नहीं है। संवेदनहीनता का आलम यह है कि अभ्यर्थियों की जान पर बात आए, तब भी सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता। शिक्षक अपने हक की लड़ाई लड़ रहे हैं और कांग्रेस उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
Created On :   9 Oct 2026 11:08 PM IST













