- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- ग्राम पंचायतों के अनुपयोगी बिजली...
Bhopal News: ग्राम पंचायतों के अनुपयोगी बिजली कनेक्शन काटे जाएंगे, मीटर विहीन कनेक्शन में मीटर लगेंगे

भास्कर ब्यूरो, भोपाल। प्रदेश की ग्राम पंचायतों में अब अनुपयोगी विद्युत कनेक्शन के काटे जायेंगे तथा मीटर विहीन विद्युत कनेक्शन में मीटर स्थापित किये जायेंगे। यह निर्णय पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव दीपाली रस्तोगी की ऊर्जा विभाग के साथ हुई एक संयुक्त बैठक में लिया गया है तथा इस निर्णय के पालन में राज्य के पंचायत आयुक्त छोटे सिंह ने सभी जिला पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को यह कार्यवाही करने के निर्देश जारी कर दिये हैं। जारी निर्देश में कहा गया है कि ग्राम पंचायत के अनुपयोगी या बंद पड़े विद्युत कनेक्शनों को विच्छेदित करने के लिये संबंधित विद्युत कार्यालय में अविलंब पंचायत द्वारा आवेदन प्रस्तुत किया जाये।
आवेदन पर सरपंच एवं सचिव हस्ताक्षर करें एवं ऐसे बंद पड़े विद्युत कनेक्शनों के लंबित विद्युत देयकों की वास्ताविकता का सत्यापन कराने उपरांत शेष विद्युत देयक के समायोजन की कार्यवाही करायी जाये। इसी प्रकार, ग्राम पंचायतों के मीटर विहीन विद्युत कनेक्शनों में अनिवार्यत: मीटर लगाये जाने की कार्यवाही करायी जाये। ग्राम पंचायतों की संचालित नलजल योजनाओं से संबंधित एवं अन्य उपयोगी विद्युत कनेक्शनों के देयकों का समय-सीमा में विद्युत वितरण कंपनियों को भुगतान किया जाये।
ग्राम पंचायतों के विद्युत कनेक्शनों के देयकों की पंचायत दर्पण पोर्टल में मैपिंग एवं रियल टाइम इंटीग्रेशन में आ रही समस्याओं हेतु पंचायतराज संचालनालय एवं ऊर्जा विभाग की माह में एक बार अनिवार्यत: समीक्षा बैठक आयोजित की जाए।
Created On :   10 Oct 2026 12:39 AM IST












