MP News: बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी के बाहर एनएसयूआई का हवन, नाम बदलने का विरोध

बरकतउल्ला यूनिवर्सिटी के बाहर एनएसयूआई का हवन, नाम बदलने का विरोध
भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का नाम बदलने का विरोध जताया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने बरकतउल्ला विश्वविद्यालय का नाम बदलने का विरोध जताया है। एनएसयूआई ने विरोध में विश्वविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर सद्बुद्धि हवन किया। कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन और प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार ने कहा कि बरकतउल्ला विश्वविद्यालय प्रदेश की एक ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था है, जिसका नाम देश के महान स्वतंत्रता सेनानी बरकतउल्ला भोपाली के सम्मान में रखा गया था।

ऐसे में विश्वविद्यालय का नाम बदलना न केवल स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास का अपमान है, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक और शैक्षणिक विरासत के साथ अन्याय है। बरकतउल्ला ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित किया। सरकार और विश्वविद्यालय प्रशासन शिक्षा, शोध, विद्यार्थियों की समस्याओं तथा विश्वविद्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार पर ध्यान देने के बजाय नाम परिवर्तन जैसे मुद्दों को आगे बढ़ा रहा। वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाया जा रहा। यह निर्णय पूरी तरह से छात्रों एवं शिक्षाविदों की भावनाओं के विपरीत है।

विश्वविद्यालय में लंबे समय से प्रशासनिक अनियमितताओं, वित्तीय गड़बड़ियों और छात्रों से जुड़े मुद्दों की शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन उन पर कार्रवाई नहीं की गई। एनएसयूआई ने कुलसचिव समर बहादुर सिंह के कार्यकाल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि उनके कार्यभार संभालने के बाद विश्वविद्यालय में कई विवाद और प्रशासनिक अव्यवस्थाएं हुईं। एनएसयूआई ने मांग की कि विश्वविद्यालय में व्याप्त अनियमितताओं की जांच कर कार्रवाई की जानी चाहिए।

Created On :   5 Jun 2026 10:25 PM IST

Tags

Next Story