- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में...
राष्ट्रीय संगोष्ठी: रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में "भारतीय ज्ञान परंपरा मूल एवं विकास" विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी

भोपाल। रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय में आज से "भारतीय ज्ञान परंपरा मूल एवं विकास" विषय पर दो दिवसीय (दिनांक 22-23 अगस्त 2025) राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। इस दो दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन संस्कृत प्राच्य भाषा एवं भारतीय ज्ञान परंपरा केंद्र, मानविकी एवं उदार कला संकाय रबीन्द्रनाथ टैगोर विश्वविद्यालय द्वारा किया जा रहा है। राष्ट्रीय संगोष्ठी का शुभारंभ डॉ भरत शरण सिंह, अध्यक्ष, मध्य प्रदेश निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग, श्री संतोष चौबे, कुलाधिपति, आरएनटीयू, प्रो. गिरीश्वर मिश्र, पूर्व कुलपति, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय, वर्धा, डॉ मुकेश मिश्रा, निदेशक, दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान भोपाल, डॉ सुप्रिया पाठक, सहआचार्य, महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा और प्रो रवि प्रकाश दुबे, कुलगुरु आरएनटीयू करेंगे। राष्ट्रीय संगोष्ठी की समन्वयक डॉ सावित्री सिंह परिहार, सह आचार्य इतिहास आरएनटीयू हैं।
संगोष्ठी के विभिन्न सत्रों में भारतीय ज्ञान परंपरा-प्राचीन विरासत से आधुनिक संदर्भ तक, भारतीय ज्ञान परंपरा और योग ध्यान, भारतीय ज्ञान परंपरा का वैश्विक प्रभाव, भारतीय ज्ञान परंपरा और पर्यावरण, भारतीय ज्ञान परंपरा और समाज आदि विषयों पर राष्ट्रीय स्तर के विद्वान, समाज वैज्ञानिक और शोधार्थीअपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो रवि प्रकाश दुबे के अनुसार यह दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी भारतीय ज्ञान परंपरा के मूल स्रोतों का ऐतिहासिक विकास और वैश्विक प्रासंगिकता का अध्ययन करेगी। इसमें वेद, उपनिषद, पुराण और प्राचीन शिक्षा प्रणाली के साथ-साथ विज्ञान, गणित, चिकित्सा और खगोल शास्त्र में योगदान का विश्लेषण किया जाएगा। योग, ध्यान, आयुर्वेद, साहित्य, कला और दर्शन के वैश्विक प्रभावों को भी उजागर किया जाएगा। वहीं कुलसचिव डॉ संगीता जौहरी ने कहा कि समकालीन संदर्भ में भारतीय ज्ञान परंपरा का पुनर्मूल्यांकन करते हुए इसे आधुनिक शिक्षा, पर्यावरणीय समाधान, डिजिटलीकरण और संरक्षण में कैसे उपयोग किया जा सकता है इस पर भी विचार किया जाएगा।
Created On :   21 Aug 2025 8:30 PM IST