- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- ई-नाम प्रोजेक्ट के लिए स्टेट लेवल...
Bhopal News: ई-नाम प्रोजेक्ट के लिए स्टेट लेवल सैंक्शनिंग कमेटी का पुनर्गठन

डिजिटल डेस्क, भोपाल। राज्य शासन ने राष्ट्रीय कृषि बाजार योजना के अंतर्गत स्टेट लेवल सैंक्शनिंग कमेटी का कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में पुनर्गठन किया है। बुधवार को मप्र सामान्य प्रशासन विभाग ने इसका संशोधित आदेश जारी किया। भारत सरकार की योजना "राष्ट्रीय कृषि बाजार (ई-नाम)" अंतर्गत कृषि उपज मंडी समितियों को सम्मिलित किए जाने की कार्यवाही के संबंध में भारत सरकार, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा प्रसारित गाइडलाइन्स अनुसार प्रदेश की कृषि उपज मंडी समितियों को "राष्ट्रीय कृषि बाजार (ई-नाम)" योजना में सम्मिलित किए जाने के लिए प्राप्त प्रस्तावों के अनुमोदन के लिए स्टेट लेवल सैंक्शनिंग कमेटी का पुनर्गठन किया है।
समिति में अपर मुख्य सचिव/प्रमुख सचिव/सचिव किसान कल्याण तथा कृषि विकास, वित्त और डॉ. एसके सिंह, उप कृषि विपणन सलाहकार, मंडी विकास एवं सुधार प्रकोष्ठ, विपणन एवं निरीक्षण निदेशालय, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, भारत सरकार द्वारा नामित सदस्य होंगे। प्रबंध संचालक, मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड को सदस्य-सचिव नामित किया गया है। संचालक, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण एवं संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास को आवश्यकता अनुसार बुलाए जा सकेंगे। यह समिति स्थायी है जो राष्ट्रीय बाजार (ई-नाम) परियोजना के प्रचलन में होने तक कार्यरत रहेगी।
समिति के कार्य के अंतर्गत प्रदेश की मंडियों को राष्ट्रीय कृषि बाजार (ई-नाम) परियोजना में सम्मिलित किए जाने के संबंध में मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड से प्राप्त प्रस्तावों (डी.पी.आर) का परीक्षण, स्वीकृति तथा अनुशंसा सहित अपर सचिव (विपणन), भारत सरकार, कृषि तथा किसान कल्याण विभाग, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, नई दिल्ली को प्रेषित करने संबंधी कार्य करेगी। समिति द्वारा निजी मंडी प्रांगण, निजी संग्रहण/क्रय केन्द्र, डीम्ड मंडी प्रांगण, यदि कोई हो तो के द्वारा राष्ट्रीय कृषि बाजार (ई-नाम) परियोजना के पोर्टल का उपयोग करने के संबंध में प्रस्तुत प्रस्तावों पर विचार एवं स्वीकृति संबंधी कार्य भी कर सकेगी।
Created On :   30 July 2026 2:14 AM IST















