- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- कांग्रेस से नाराजगी खत्म! पार्टी के...
Datia By-election 2026: कांग्रेस से नाराजगी खत्म! पार्टी के कार्यक्रम में पहुंचे अवधेश नायक, बीजेपी प्रत्याशी से मीटिंग के बाद लग रही थीं 'घर वापसी' की अटकलें

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मध्यप्रदेश में दतिया विधानसभा उपचुनाव बीजेपी और कांग्रेस दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन चुका है। दोनों ही दल इस सियासी रण को जीतने की हरसंभव कोशिश में लगे हुए हैं। इस बीच कांग्रेस खेमे के लिए अच्छी खबर आई है। पार्टी नेता अवधेश नायक ने अपने बीजेपी में शामिल होने की अटकलों पर विराम लगा दिया है। दरअसल, कुछ दिनों पहले बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी से मुलाकात के बाद से ही ये कयास लगाए जा रहे थे कि अवधेश नायक बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।
क्या है मामला?
अवधेश नायक को दतिया उपचुनाव के लिए कांग्रेस का प्रबल दावेदार माना जा रहा था। लेकिन पार्टी ने कुंवर घनश्याम सिंह को टिकट दे दिया। तब से माना जा रहा था कि अवधेश नायक नाराज चल रहे हैं। इस बीच बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने अवधेश नायक के घर जाकर उनसे मुलाकात की थी। दोनों के बीच बंद कमरे में करीब आधे घंटे बातचीत हुई। इसके बाद से ही उनके बीजेपी में शामिल होने की संभावना जताई जा रही थी।
यह भी पढ़े -भाजपा और कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बना दतिया उपचुनाव, ट्रांसजेंडर उम्मीदवार ने खींचा ध्यान
अटकलों पर लगाया विराम
इससे पहले मंत्री राकेश शुक्ला सहित कई भाजपा नेता अवधेश नायक के घर पहुंच कर उनकी घर वापसी की कोशिश कर चुके हैं। लेकिन, कांग्रेस के कार्यक्रम में पहुंच कर नायक ने उनकी कोशिशों पर पानी फेर दिया। नायक के मुताबिक, 'दूसरी बार टिकट न मिलने पर समर्थक नाराज थे। उन्हें समझाने में थोड़ा वक्त लगा। अब सब ठीक है।'
वहीं, जीतू पटवारी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पीसीसी चीफ ने मेरे परिवार को समझाने में अहम भूमिका निभाई। अब वह कांग्रेस के लिए काम करेंगे। उन्होंने सभी पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वह भाजपा के किसी भी भ्रामक प्रचार में न आएं। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस दतिया उपचुनाव में 25 हजार से भी ज्यादा वोटों से जीत रही है।
कौन हैं अवधेश नायक?
अवधेश नायक एक समय बीजेपी के कद्दावर नेता थे। उन्होंने साल 1993 में अपने सियासी सफर की शुरुआत ही बीजेपी से की थी। इससे पहले वे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े थे। सबसे पहले वे दतिया नगर पालिका में पार्षद बने थे। इसके बाद उन्हें दतिया से टिकट मिला, लेकिन वो हार गए। इसके बाद जब उमा भारती ने अपनी नई पार्टी बनाई तो वह उसमें शामिल हो गए। कुछ समय बाद वह दोबारा बीजेपी में वापस आ गए।
नरोत्तम मिश्रा के साथ संबंध अच्छे न होने की वजह से उन्होंने 2023 में कांग्रेस पार्टी ज्वाइन कर ली। कांग्रेस ने 2023 विधानसभा चुनाव में दतिया से पहले उन्हें ही अपना उम्मीदवार बनाया था। लेकिन, कुछ समय बाद उन्हें हटाकर राजेंद्र भारती को टिकट दे दिया गया।
उपचुनाव में भी वे कांग्रेस से टिकट पाने वाले प्रबल दावेदारों में शामिल थे। लेकिन पार्टी ने उनकी जगह घनश्याम सिंह को टिकट दे दिया। इसके बाद से ही कहा जाने लगा था कि टिकट न मिलने से नाराज अवधेश नायक कांग्रेस से अलग होकर बीजेपी का दामन थाम सकते हैं।
Created On :   18 July 2026 7:44 PM IST














