MP News: डेस्टिनेशन कैबिनेट का नवाचार देश में अनूठा प्रयोग, अब तक बाहर हुई 7 कैबिनेट

डेस्टिनेशन कैबिनेट का नवाचार देश में अनूठा प्रयोग, अब तक बाहर हुई 7 कैबिनेट

डिजिटल डेस्क, भोपाल। भोपाल के पास स्थित प्राचीन महल और स्मारक वाले गांव जगदीशपुर में आज डेस्टीनेशन कैबिनेट की बैठक होगी। इसमें प्राचीन धरोहर को देखने-समझने का भी अवसर रहेगा। प्रदेश में भोपाल (राजधानी-मंत्रालय) से बाहर अब तक 7 डेस्टिनेशन कैबिनेट की बैठकें हो चुकी है। जगदीशपुर में आज आठवीं बैठक होगी। प्रदेश की पुरा संपदा के प्रति आमजन की जानकारी में भी वृद्धि और इन स्थलों के महत्व को बढ़ावा देने के लिए महेश्वर, सिंग्रामपुर और इंदौर के राजवाड़ा में अब तक कैबिनेट बैठक हो चुकी है।

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के ढाई साल के कार्यकाल में राजधानी में होने वाली नियमित कैबिनेट बैठकों के अलावा अन्य स्थानों पर कैबिनेट बैठकों का नवाचार किया गया। भोपाल के साथ ही अब जबलपुर, दमोह, खरगोन, नर्मदापुरम, छतरपुर और बड़वानी जिलों में कैबिनेट बैठकें हो चुकी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सामान्य कैबिनेट के साथ ही कृषि कैबिनेट भी प्रदेश के प्रत्येक अंचल में करने का निर्णय लिया है। ज्योर्तिलिंग महाकाल की नगरी उज्जैन में भी कैबिनेट प्रस्तावित है। प्रदेश के विभिन्न स्थानों से जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों के संपर्क का काम भी इससे आसान हुआ है। जहां राजधानी में ही जन हित से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाते रहे हैं, लेकिन डेस्टिनेशन कैबिनेट के नवाचार से प्रदेश के छोटे से ग्राम स्तर से भी जन कल्याण के महत्वपूर्ण फैसले लिए जा रहे हैं।

महाकौशल अंचल से हुई थी पहल

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने रानी दुर्गावती के शौर्य का स्मरण में वर्ष 2024 में इस तरह आंचलिक कैबिनेट शुरु करने का निर्णय लिया। 3 जनवरी को जबलपुर में कैबिनेट बैठक की गई। विश्व धरोहर स्थल खजुराहो और प्रदेश के प्रसिद्ध हिल स्टेशन पचमढ़ी में बैठकें हो चुकी। दमोह जिले के सिंग्रामपुर में वीरांगना रानी दुर्गावती के सम्मान, अहिल्याबाई की नगरी महेश्वर (जिला खरगोन) में, देवी अहिल्याबाई होल्कर के 300वें जयंती वर्ष पर इंदौर के राजवाड़ा में, नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी के राजभवन में राजा भभूत सिंह के शौर्य को समर्पित, खजुराहो के महाराजा छत्रसाल कन्वेंशन सेंटर में और बड़वानी जिले के जनजातीय बहुल क्षेत्र भीलट बाबा देवस्थल नागलवाड़ी में अब तक कैबिनेट की बैठकें हो चुकी है।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर उच्च स्तरीय बैठक ली। इसमें जगदीशपुर में होने वाली कैबिनेट और सोमवार से शुरु हो रहे मप्र विधानसभा के मानसून सत्र की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कैबिनेट में अनुमोदन के लिए लाये जाने वाले विधेयक प्रस्तावों की जानकारी ली।

Created On :   21 July 2026 12:02 AM IST

Tags

Next Story