- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- भोपाल
- /
- नए स्टेट प्लेन और हेलीकाप्टर का...
Bhopal News: नए स्टेट प्लेन और हेलीकाप्टर का सरकार करवाएगी बीमा

भास्कर ब्यूरो, भोपाल।। राज्य सरकार का नया स्टेट प्लेन अत्याधुनिक चैलेंजर 3500 जेट विमान जोकि कनाडा की कंपनी बॉम्बार्डियर द्वारा बनाया गया है, अगले कुछ दिनों में भोपाल आने वाला है जबकि नया स्टेट एयरबस हेलीकाप्टर 160 जिसे फ्रांस की एयरबस कंपनी द्वारा बनाया जा रहा है, इस साल के अंत तक आयेगा। लेकिन इस बार इन दोनों का ही बीमा कराया जायेगा जिसके लिये विमानन विभाग द्वारा बीमा कंपनियों से दरें बुलाने की कार्यवाही प्रारंभ की गई हैं।
करीब ढाई सौ करोड़ रुपयों के स्टेट प्लेन हेतु करीब 2 करोड़ रुपये एवं करीब 180 करोड़ रुपयों से अधिक के स्टेट हेलीकाप्टर हेतु करीब डेढ़ करोड़ रुपये बीमा प्रीमियम के रुप में दिये जा सकते हैं। वर्तमान में राज्य सरकार द्वारा चलाये जा रहे हेलीकाप्टर ‘एयरबस ईसी 155 बी 1’ का भी तकरीबन 50 लाख रुपये बीमा प्रीमीयम भरा हुआ है। उल्लेखनीय है कि मप्र सरकार द्वारा पूर्व में अमेरिका की ट्रेक्सट्रान एविएशन कंपनी से करीब 65 करोड़ रुपये में वर्ष 2020 में खरीदा गया ‘‘बीचक्राफ्ट किंग एयर एसकेए बी-250 वीटी एमपीक्यु’’ स्टेट प्लेन 6 मई 2021 को ग्वालियर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
दुर्घटना के बाद विमान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। यह प्लेन गुजरात से रेमडेसिविर इंजेक्शन लेकर ग्वालियर आया था और लैंडिंग के समय रनवे पर लगे बैरियर से टकरा गया था। लेकिन इसका बीमा नहीं था। इसे यथा स्थिति में बेचने के लिये मात्र छह करोड़ रुपये आफसेट प्राईज रखकर टेण्डर भी जारी किया गया था परन्तु इस अनुपयोगी एवं पूरी तरह क्षतिग्रस्त प्लेन को खरीदने हेतु कोई खरीददार सामने नहीं आया है। इसलिये अब कोई जोखिम नहीं उठाते हुये नये स्टेट प्लेन एवं हेलीकाप्टर का बीमा कराया जायेगा।
Created On :   27 Sept 2026 12:53 AM IST











