MP News: उप्र के चंद्रशेखर को बनाया प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री

उप्र के चंद्रशेखर को बनाया प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री
मप्र भाजपा को हितानंद शर्मा की जगह नया प्रदेश संगठन महामंत्री मिल गया है। चंद्रशेखर को प्रदेश संगठन महामंत्री बनाया गया है।

डिजिटल डेस्क, भोपाल। मप्र भाजपा को हितानंद शर्मा की जगह नया प्रदेश संगठन महामंत्री मिल गया है। चंद्रशेखर को प्रदेश संगठन महामंत्री बनाया गया है। भाजपा के केंद्रीय संगठन की ओर से जारी नियुक्तियों की सूची में चंद्रशेखर की नियुक्ति की गई। उनका केंद्र भोपाल रखा गया है। वे अब प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ संगठन की जिम्मेदारी संभालेंगे।

चंद्रशेखर की नियुक्ति के साथ ही जनवरी से खाली चल रहे इस पद पर लंबे समय बाद पूर्णकालिक नियुक्ति की गई है। 31 जनवरी 2026 को तत्कालीन संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा की संघ में वापसी के बाद से यह पद रिक्त था। हितानंद को आरएसएस के मध्य क्षेत्र का सह-बौद्धिक प्रमुख बनाया गया था और उनका केंद्र जबलपुर रखा गया था। हितानंद को सितंबर 2020 में सह-संगठन महामंत्री बनाया गया था। मार्च 2022 में उन्हें प्रदेश संगठन महामंत्री का दायित्व दिया था।

कौन हैं चंद्रशेखर?

चंद्रशेखर मूल रूप से उप्र के बांदा जिले के रहने वाले हैं। संघ में विभाग प्रचारक के रूप में काम कर चुके हैं। वे काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री रहे। 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान काशी क्षेत्र में उनकी महत्वपूर्ण संगठनात्मक भूमिका थी। काशी के बाद उन्हें पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भाजपा के क्षेत्रीय संगठन की जिम्मेदारी दी गई। सितंबर 2017 में राजस्थान भाजपा के संगठन महामंत्री बनाया गया। यहां उन्होंने करीब छह साल काम किया। जनवरी 2024 में राजस्थान के बाद उन्हें तेलंगाना भाजपा का संगठन महामंत्री/प्रदेश महामंत्री (संगठन) बनाया गया। अब वे मप्र भाजपा के संगठन महामंत्री बनें।

Created On :   26 Sept 2026 1:40 AM IST

Tags

Next Story