- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- चंद्रपुर में एमडी तस्कर फिर से...
Chandrapur News: चंद्रपुर में एमडी तस्कर फिर से ड्रग्स के साथ पकड़ाए

chandrapur News शहर में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रामनगर पुलिस ने देर रात जिला परिषद कार्यालय के सामने स्थित एक लॉज पर छापा मारकर दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 22.46 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) पाउडर, चार मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन काटा तथा अन्य सामग्री सहित करीब डेढ़ लाख रुपए का माल जब्त किया है।
मामले में पुलिस ने पूछताछ के आधार पर एक स्थानीय युवक को भी गिरफ्तार करने की जानकारी पीआई एकुरके ने दी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अकोला निवासी दो युवक चंद्रपुर में एमडी बेचने के उद्देश्य से एक लॉज में ठहरे हुए हैं। सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस ने देर रात लॉज पर छापा मारा।
तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के पास से 22.46 ग्राम एमडी पाउडर कीमत सवा लाख रुपए, चार मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन काटा बरामद किया गया। इसके बाद दोनों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके खिलाफ पहले से ही दुर्गापुर पुलिस थाने में एमडी तस्करी का मामला दर्ज है। उसी मामले में वे सोमवार को चंद्रपुर जिला न्यायालय में पेशी के लिए आए थे।
सुबह अदालत में पेश होने के बाद वे बाहर निकल गए, लेकिन रात होते-होते फिर से मादक पदार्थ के साथ रामनगर पुलिस के हत्थे चढ़ गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अकोला निवासी अब्दुल राजित अब्दुल रशीद तथा शेख मुस्तफा शेख रहीम कुरेशी तथा चंद्रपुर के तुकूम तालाब निवासी मोहम्मद नाशीर रियाज शेख का समावेश है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे शहर के तुकुम निवासी नासिर के कहने पर एमडी लेकर चंद्रपुर आए थे तथा उसे लगभग पांच ग्राम एमडी बेच चुके थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है और मामले की गहन जांच जारी है।
Created On :   1 July 2026 2:13 PM IST















