- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- विवादित महामाया कोल वॉशरी को बिजली...
Chandrapur News: विवादित महामाया कोल वॉशरी को बिजली विभाग ने जारी किया कप्लायन्स नोटिस

Chandrapur News विविध कारणों से विवादित महामाया इन्फ्राडेवलपर्स प्रा.लि. (भाटीया) कोल वॉशरी को एमपीसीबी द्वारा क्लोजर नोटिस मिलने के बाद बिजली विभाग ने महामाया कोल वॉशरी प्रबंधक को कप्लायन्स नोटिस जारी किया है परंतु अब तक बिजली काटी नहीं गई है। दूसरी ओर सेंट्रल ग्राउंड वाटर अथारिटी नागपुर (सीजीडब्ल्यू ) से एनओसी प्राप्त किए बिना बोरवेल और टैंकर के पानी का उपयोग कर रहे हैं। इस मामले में सिंचाई विभाग ने चुप्पी साध रखी है। उल्लेखनीय है कि, सिंचाई के विभाग के तत्कालीन वरिष्ठ अधिकारी ने घुग्घुस के एक कंपनी द्वारा वर्षों से पानी चोरी मामले में घुग्घुस थाने में शिकायत दी थी परंतु वर्तमान अधिकारी की उदासीनता से कई प्रश्न उठाए जा रहे हैं। क्या जलापूर्ति विभाग महामाया कोल वाॅशरी के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराएगा?
विशेष बात है कि, पर्यावरण मंत्री के आदेश के बाद एमपीसीबी ने 25 जून को क्लोजर नोटिस जारी करने के बाद 5 दिन बीत गए थे। लेकिन कोल वॉशरी की ना बिजली काटी गई है और ना ही जलापूर्ति रोकी गई थी। इस पर दैनिक भास्कर ने ध्यानाकर्षण करने के बाद बिजली विभाग ने कप्लायन्स नोटिस जारी किया है। मात्र नोटिस के अलावा जमीनी कार्रवाई अब तक हुई नहीं है। ज्ञात हो कि, महामाया कोल वॉशरी (भाटीया) शुरू हुई तब से पानी चोरी, प्रदूषण से किसानों के फसलों का होनेवाला नुकसान, स्वास्थ्य पर असर, जलस्रोत घटने के साथ कोयला हेराफेरी के मुद्दे से यह कोल वॉशरी हमेशा से ही विवादों में रही है।
कुछ महीने पहले ही सीबीआई ने छापामार कार्रवाई की थी। विधानसभा में यह मामला उठने के बाद पर्यावरण मंत्री के आदेश पर एमपीसीबी ने क्लोजर नोटिस जारी करते हुए इसकी प्रतिलिपी एमएसईबी के कार्यकारी अभियंता को देते हुए उन्हें कहा था कि महामाया वॉशरी की बिजली आपूर्ति तत्काल खंडित की जाए। वॉशरी प्रबंधक ने पूर्वसूचना नहीं दी, परिवार के साथ कामगारों की वॉशरी पर दस्तक : क्लोजर नोटिस जारी होने के बाद महामाया कोल वॉशरी प्रबंधक ने वॉशरी में काम करनेवाले कामगारों को काम पर आने से मना कर दिया। इसके चलते बुधवार को कामगारों ने परिवारों के साथ वॉशरी में दस्तक देकर अपने मांग का ज्ञापन दिया। बताया कि, पिछले दो वर्ष से बेलसनी व अन्य गांव के कामगार कंपनी में कल तक काम करते थे।
कुछ विषयों से कंपनी बंद हुई परंतु कामगारों को पूर्वसूचना देनी चाहिए थी। क्योंकि सैकड़ों कामगारों के परिवार का सवाल है। अब उन परिवारों पर भूखे रहने की नौबत आ गई है। कंपनी क्यों बंद की? इसका कारण कामगारों को लिखित स्वरूप में दिया जाए। विशेष बात है कि, इसके पहले 17 अप्रैल 2026 जब वॉशरी कुछ कारणों से बंद हुई थी तब बाकायदा महामाया कंपनी के संजीव सिन्हा ने कामगार आपूर्ति करनेवाली शक्ति इंटरप्राइजेस को इसकी पूर्वसूचना दी थी। इसकी प्रतिलीपी क्लीन कोल इंटरप्राइजेस प्रा.लि. के सीओओ आशीष अग्रवाल को भी भेजी थी।
Created On :   2 July 2026 1:25 PM IST















