- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- चंद्रपुर
- /
- सर्पदंश के बाद समय पर इलाज न मिलने...
Chandrapur News: सर्पदंश के बाद समय पर इलाज न मिलने से 6 वर्षीय बालक की मृत्यु

Chandrapur News आदिवासी बहुल, दुर्गम जिवती तहसील में स्वास्थ्य सेवा की बदहाली एक बार फिर उजागर हुई है। कुछ दिन पहले सड़क नहीं होने के कारण गर्भवती महिला और उसके नवजात की मौत का मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि 29 जून रविवार को एम्बुलेंस समय पर नहीं मिलने से समीर आत्राम(6) की मौत हो गई। इस घटना से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।
जानकारी के अनुसार जिवती तहसील के लक्ष्मणगुड़ा गांव निवासी समीर मारोती आत्राम (6) को रविवार तड़के करीब 4 बजे जहरीले नाग ने डस लिया। बच्चे को अचानक शौच लगने पर उसकी दादी उसे बाहर ले गई थीं। कुछ देर बाद दादी के बिस्तर के पास नाग दिखाई दिया, जिससे परिजनों को सर्पदंश का पता चला। इसके बाद माता-पिता उसे तत्काल ऑटो से पाटण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
परिजनों का आरोप है कि प्राथमिक उपचार शुरू होने में काफी समय लग गया। सांप का फोटो दिखाने के बाद ही बच्चे को एंटी स्नेक वेनम का इंजेक्शन दिया गया। बाद में उसे गड़चांदूर ग्रामीण अस्पताल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि रेफर स्लीप में सर्पदंश का उल्लेख भी नहीं किया गया था। परिजनों का आरोप है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी, इसलिए उन्हें निजी चौपहिया वाहन की व्यवस्था करनी पड़ी। काफी देर बाद वाहन मिलने पर बच्चे को गड़चांदूर अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में जिला स्वास्थ्य अधिकारी अशोक कटारे ने एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं होने के आरोपों से इनकार किया है।
उनका कहना है कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में एम्बुलेंस थी और संभवतः सुबह किसी अन्य मरीज को लेकर गई होगी। वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉक्टरों ने भी एम्बुलेंस उपलब्ध होने का दावा किया है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि यदि एम्बुलेंस उपलब्ध थी तो समीर को उसी से अस्पताल क्यों नहीं भेजा गया। उनका तर्क है कि यदि समय पर इलाज और एम्बुलेंस मिल जाती तो मासूम की जान बचाई जा सकती थी। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
यह भी पढ़े -प्रणय जनबंधु बने भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग ऑफिसर, रक्षा मंत्री राजनाथ और एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत ने दिया बैज
Created On :   30 Jun 2026 4:56 PM IST














