Chandrapur News: किडनी कांड में दिल्ली के डॉक्टर का 10 दिन का पीसीआर कई रहस्यों से परदा उठने की उम्मीद

किडनी कांड में दिल्ली के डॉक्टर का 10 दिन का पीसीआर कई रहस्यों से परदा उठने की उम्मीद
  • दूसरे आरोपी डॉक्टर की तलाश जारी
  • एक के बाद एक खुल रही है कड़ी

Chandrapur News चंद्रपुर जिले की नागभीड़ तहसील के मिंथूर गांव के किसान रोशन कुले की किडनी बिक्री के बाद उजागर हुए बहुचर्चित किडनी खरीदी-बिक्री रैकेट मामले में दिल्ली के आरोपी डॉक्टर रवींद्रपाल सिंह को ब्रह्मपुरी न्यायालय ने 7 जुलाई 2026 तक 10 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) में भेजने के आदेश दिए जाने की जानकारी पुलिस सूत्रों से मिली है।

एसआईटी को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान रैकेट से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं। गौरतलब है कि 24 जून को डॉक्टर रवींद्रपाल सिंह ने ब्रह्मपुरी न्यायालय में आत्मसमर्पण किया था। अदालत ने उन्हें 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।

25 जून को उनकी जमानत अर्जी पर सुनवाई के दौरान एसआईटी ने जांच की प्रगति बताते हुए पुलिस रिमांड की मांग की थी। उस दिन अदालत ने फैसला सुरक्षित रखा था। शनिवार को अदालत ने पुलिस का पक्ष स्वीकार करते हुए आरोपी को 10 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड में भेजने का आदेश दिया।

मामले का एक अन्य प्रमुख आरोपी तमिलनाडु का डॉक्टर राजरत्नम गोविंदस्वामी अब भी फरार है। एसआईटी उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही है। जांच टीम का मानना है कि दिल्ली के डॉक्टर से पूछताछ में रैकेट से जुड़े अन्य आरोपियों और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश हो सकता है।

Created On :   28 Jun 2026 3:55 PM IST

Tags

Next Story